टेनिस के पूर्व दिग्गज रोजर फेडरर ने संकेत दिया है कि आर्थर ऐश स्टेडियम में उनकी भावुक वापसी 'यूएस ओपन' में उनकी आखिरी उपस्थिति नहीं होगी। फेडरर को उम्मीद है कि उन्हें इस वेन्यू पर फैंस के सामने खेलने का एक और मौका जरूर मिलेगा।
20 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन बुधवार को एक लीजेंड्स एग्जीबिशन मैच के लिए यूएस ओपन में लौटे, जहां न्यूयॉर्क में खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों ने उनका जोरदार स्वागत किया गया। साल 2022 में प्रोफेशनल टेनिस से संन्यास लेने वाले फेडरर ने अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी एंडी रॉडिक के खिलाफ एक सिंगल्स सेट खेला और फिर आंद्रे अगासी और रॉडिक के खिलाफ डबल्स मुकाबले में जॉन मैकेनरो के साथ जोड़ी बनाई।
लीजेंड्स मैच के बाद फेडरर ने इस मशहूर कोर्ट पर एक और वापसी की संभावना जताते हुए 'जियो स्टार' से कहा, "उम्मीद है कि यह कोर्ट पर मेरी आखिरी मौजूदगी नहीं होगी। जॉन मैकेनरो अभी भी वह काम कर रहे हैं जो उन्हें पसंद है, इससे मुझे यह विश्वास करने की प्रेरणा मिलती है कि शायद किसी दिन मुझे इस कोर्ट पर लौटने और अपने सभी फैंस के सामने खेलने का एक और मौका मिलेगा। यह सम्मान की बात थी, यह बेहद खास था, यह अद्भुत था। स्टेडियम में मौजूद सभी लोगों और उन तमाम फैंस का बहुत-बहुत धन्यवाद, जिन्होंने इतने वर्षों तक मेरा साथ दिया। यह अविश्वसनीय है। मैंने हर पल का आनंद लिया।"