फ्रांस के गेल मोनफिल्स का ग्रैंड स्लैम करियर समाप्त हो गया है। यूएस ओपन के दूसरे राउंड में अमेरिकन लर्नर टिएन से हार के बाद मोनफिल्स ग्रैंड स्लैम करियर को अलविदा कह दिया। मोनफिल्स को टिएन ने 6-3, 6-4, 6-3 से हराया।
40 साल के मोनफिल्स इस सीजन के अंत में पेशेवर टेनिस से संन्यास की घोषणा कर चुके हैं। मोनफिल्स ने यूएस ओपन में 33-17 के रिकॉर्ड के साथ अपना पेशेवर करियर खत्म किया। यूएस ओपन में मोनफिल्स ने अपना पहला मैच 2005 में नोवाक जोकोविच के खिलाफ खेला था, जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। यूएस ओपन 2016 उनका सर्वश्रेष्ठ साल रहा, तब उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बनाई थी, जहां उन्हें एक बार फिर जोकोविच के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। उसी साल, मोनफिल्स पीआईएफ एटीपी रैंकिंग में अपने करियर के सबसे अच्छे नंबर 6 पर पहुंचे। 13 बार एटीपी टूर टाइटल जीतने वाले मोनफिल्स पहली बार 2008 में अपने होम स्लैम, रोलैंड गैरोस में किसी बड़े टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंचे थे।
उन्हें कोर्ट पर एक सेरेमनी में सम्मानित किया गया, जिसमें यूएसटीए के सीईओ क्रेग टिली और यूएस ओपन टूर्नामेंट के निदेशक एरिक बुटोरैक ने मोनफिल्स को एक खास फ्रेम की हुई तस्वीर दी।