बेंगलुरु, 1 जून (हि.स.)। आईपीएल 7 का चैंपियन बनने के लिए आज बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में किंग्स इलेवन पंजाब औऱ कोलकाता नाइटराइडर्स की टक्कर होगी। आज एक तरफ किंग्स के विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और मध्यक्रम के बल्लेबाज मैक्सवैल और मिलर का विस्फोट होगा, वहीं दूसरी ओर कोलकता टीम के धाकड़ बल्लेबाज युसूफ पठान और रॉबिन -उथप्पा के भी बल्ले पर भी सबकी नजर होगी । एक तरफ लगातार आठ मैच जीतकर पहुंची कोलकाता नाइट राइडर्स होगी तो दूसरी ओर इस सीजन की सबसे धमाकेदार टीम किंग्स इलेवन पंजाब। किंग्स इलेवन और नाइट राइडर्स के बीच आईपीएल-7 में अब तक तीन मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें नाइट राइडर्स ने दो में और किंग्स इलेवन ने एक मैच में जीत हासिल की है।

Advertisement

आईपीएल-7 में सर्वाधिक छह बार 190 से ऊपर स्कोर करने वाली किंग्स इलेवन टीम नाइट राइडर्स के खिलाफ तीनों बार 150 का कुल योग पार नहीं कर पाई। पहले प्लेऑफ मैच में भी नाइट राइडर्स के गेंदबाजों के आगे उनके बल्लेबाज दम तोड़ते नजर आए।

Advertisement

किंग्स इलेवन का आईपीएल-7 का संयुक्त अरब अमीरात चरण बेहद सफल रहा, और उन्होंने वहां अपने सभी पांच मैच जीते। दूसरी ओर वतन वापसी के साथ ही नाइट राइडर्स कोजैसे पंख लग गए उसने जबर्दस्त वापसी करते हुए लगातार आठ जीत दर्ज कर फाइनल तक का सफर तय किया।

यूएई में किंग्स इलेवन पंजाब के तुरुप के इक्के ग्लेन मैक्सवेल का भारतीय मैदानों में प्रदर्शन बहुत ही साधारण रहा है, हालांकि टीम में वीरेंद्र सहवाग सहित कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो किसी भी गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाने की क्षमता रखते हैं। सहवाग ने क्वालिफायर 2 मैच में चेन्नई के खिलाफ 122 रन की शानदार पारी खेली थी और पंजाब का फाइनल में पहुंचाने में अहम रोल निभाया था। किंग्स इलेवन आईपीएल के पहले सीजन के बाद लीग चरण से आगे निकलकर पहली बार फाइनल में पहुंचे हैं, जबकि पूर्व चैम्पियन नाइट राइडर्स का यह दूसरा फाइनल होगा।

किंग्स इलेवन ने बल्लेबाजी के अलावा गेंदबाजी में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है। युवा गेंदबाज संदीप शर्मा ने अपने स्विंग के बूते 11 मैचों में 18 विकेट चटकाए हैं, तो छरहरे फिरकी गेंदबाज अक्षर पटेल नाइट राइडर्स के सुनील नरेन के बाद आईपीएल-7 के दूसरे सबसे किफायती गेंदबाज हैं। किंग्स इलेवन की गेंदबाजी हालांकि पिछले मैच में सुरेश रैना की पारी के आगे कहीं ठहरती नजर नहीं आई। जिसका नाइट राइडर्स के रोबिन उथप्पा और यूसुफ पठान भरपूर लाभ उठाना चाहेंगे।

किंग्स इलेवन की तरफ से जहां मैक्स-मिलर,सहवाग-वोहरा के बल्ले की तरफ सबकी निगाह रहेगी, वहीं नाइट राइडर्स को लगातार 10 पारियों में 40 से ऊपर स्कोर करते आ रहे उथप्पा और आईपीएल का सबसे तेज अर्धशतक लगा चुके यूसुफ के बल्ले का भरोसा रहेगा। दोनों ही टीमों में चुपचाप बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले मनन वोहरा और मनीष पांडेय के योगदान भी अपनी टीमों के लिए अहम रहेंगे। हालांकि फाइनल रविवार को होने वाला है लेकिन हल्की बारिश की भविष्यवाणी की गई है, जिसे देखते हुए फाइनल मैच में टॉस की भी अहम भूमिका रहेगी।

Advertisement

टीमें

पंजाब : मनन वोहरा, वीरेंद्र सहवाग, ग्लेन मैक्सवेल, डेविड मिलर, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), जॉर्ज बेली (कप्तान), अक्षर पटेल, मिशेल जॉनसन, परविंदर अवाना, संदीप शर्मा, करनवीर सिंह, लक्ष्मीपति बालाजी, चेतेश्वर पुजारा, शॉन मार्श, गुरकीरत सिंह मान, मनदीप सिंह, ऋषि धवन, अनुरीत सिंह, बेउरन हेन्ड्रिक्स, मुरली कार्तिक, शिवम शर्मा, शार्दूल ठाकुर 

कोलकाता : गौतम गंभीर (कप्तान), रॉबिन उथप्पा (विकेटकीपर), मनीष पांडेय, यूसुफ पठान, शाकिब अल हसन, रेयान टेन दशकाटे, सूर्यकुमार यादव, पीयूष चावला, मोर्न मोर्केल, सुनील नरीन, उमेश यादव, विनय कुमार, जाक कालिस, मनविंदर बिसला, कुलदीप यादव, वीर प्रताप सिंह, क्रिस लिन, आंद्रे रसेल, सायन मंडल, पैट कमिंस, देवव्रत दास

Advertisement


हिन्दुस्थान समाचार/गोविन्द
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार