साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के कप्तान एडन मारक्रम 'द हंड्रेड 2026' के ऑक्शन में सबसे ज़्यादा पैसे पाने वाले विदेशी खिलाड़ी बन गए हैं और एक मोटी रकम पाने के बाद, मारक्रम के लिए एक और खुशखबरी सामने आई है। खबरों की मानें, तो टूर्नामेंट के आने वाले सीज़न में मारक्रम मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की कप्तानी करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
गौरतलबहै कि मारक्रम अब तीन सुपर जायंट्स फ्रेंचाइज़ियों के साथ कॉन्ट्रैक्ट में हैं जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स (IPL), डरबन सुपर जायंट्स (SA20) और मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (The Hundred) शामिल हैं। टीम के मुख्य कोच, जस्टिन लैंगर ने बताया कि मारक्रम टीम के लिए कितने अहम होंगे और नीलामी में उन्हें अपनी टीम में शामिल करके वो कितने खुश थे।
लैंगर ने कहा, "हमारी तीन टीमों में उनका होना बहुत अच्छा है: वो एक शानदार खिलाड़ी हैं। बेहतरीन इंसान हैं और उनमें कप्तानी करने का असली हुनर भी है। उनके खेल का यही एक पहलू हमें सबसे ज़्यादा पसंद है कि वो कमाल की लीडरशिप साथ लेकर आते हैं।" बता दें कि 'द हंड्रेड 2026' में अपने अभियान की शुरुआत करते हुए, मैनचेस्टर सुपर जायंट्स टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में लंदन स्पिरिट से भिड़ेगी। ये दोनों टीमें 23 जुलाई को लंदन के लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर टूर्नामेंट के तीसरे मैच में आमने-सामने होंगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके अलावा, द हंड्रेड से जुड़ी एक और बड़ी खबर सामने आई है। इंग्लैंड के व्हाइट-बॉल कप्तान हैरी ब्रूक ने बताया है कि इस बात की संभावना कम है कि वो 'द हंड्रेड 2026' में सनराइजर्स लीड्स के कप्तान बने रहेंगे। हालाँकि, टीम के मुख्य कोच डैनियल विटोरी ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि ब्रूक आने वाले सीज़न में टीम की कप्तानी करेंगे। विटोरी ने कहा, "मुझे लगता है कि उन्हें ये टीम पसंद है, इसलिए शायद हम उन्हें थोड़ा मनाकर टीम में शामिल कर सकें। हम बस इंतज़ार करेंगे और देखेंगे।"