आईपीएल 2026 से पहले सभी टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन को लेकर चर्चाएं तेज है। इसी कड़ी में भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की अपनी पसंदीदा टीम चुनी। खास बात यह है कि उन्होंने इस टीम में इंग्लैंड के 22 साल के स्टार को भी शामिल किया है, जिन्होंने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ शानदार शतक लगाया था।

Advertisement

28 मार्च से खेले जाने वाले आईपीएल 2026 के आगाज में अब सिर्फ कुछ ही दिन बाकी हैं। इसी बीच भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने यूट्यूब चैनल में अपनी पसंद की आरसीबी टीम चुनी है, जिसने फैंस के बीच काफी दिलचस्पी पैदा कर दी है। अश्विन ने अपनी इस टीम में इंग्लैंड के 22 साल के युवा खिलाड़ी जैकब बेथेल को शामिल किया है, जिन्होंने हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ शानदार शतक जड़ा था। बेथेल को आरसीबी ने आईपीएल 2025 मेगा ऑक्शन में खरीदा था और पिछले सीजन उन्होंने टीम के लिए 2 मैच खेलकर 67 रन बनाए थे।

Advertisement

अश्विन का मानना है कि आरसीबी की विदेशी खिलाड़ियों की तिकड़ी इस बार काफी मजबूत है। उन्होंने फिल सॉल्ट, जैकब बेथेल, टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड को टूर्नामेंट के सबसे बेहतरीन विदेशी खिलाड़ियों में से एक बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि जोश हेजलवुड की शुरुआती मैचों में गैरमौजूदगी टीम के लिए नुकसान नहीं बल्कि एक तरह से फायदा हो सकती है। इससे टीम को सॉल्ट और बेथेल दोनों को खिलाने का मौका मिलेगा। बाद में हेजलवुड की वापसी पर टीम फॉर्म के हिसाब से बदलाव कर सकती है।

इस टीम में ओपनिंग की जिम्मेदारी भारतीय दिग्गज विराट कोहली और आक्रामक बल्लेबाज फिल सॉल्ट को दी गई है, जो शुरुआत से ही टीम को तेज रन देने का दम रखते हैं। इसके बाद मिडल ऑर्डर में कप्तान रजत पाटीदार और विकेटकीपर बल्लेबाज जितेश शर्मा टीम की पारी को संभालने का काम करेंगे।

फिनिशिंग की जिम्मेदारी टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड जैसे पावर हिटर्स के कंधों पर रहेगी, जो आखिरी ओवरों में तेजी से रन बटोर सकते हैं। ऑलराउंड विकल्प के तौर पर क्रुणाल पांड्या और मंगेश यादव को शामिल किया गया है, जिससे टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलन मिलता है।

वहीं तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान भुवनेश्वर कुमार और यश दयाल संभालेंगे, जो नई गेंद और डेथ ओवर्स में अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके अलावा इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर स्पिनर सुयश शर्मा को रखा गया है।

Advertisement

अश्विन की चुनी हुई आरसीबी प्लेइंग इलेवन इस प्रकार है:
विराट कोहली, फिल सॉल्ट, जैकब बेथेल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, मंगेश यादव, यश दयाल।

Also Read: LIVE Cricket Score

इम्पैक्ट प्लेयर: सुयश शर्मा

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार