मैनचेस्टर, 5 सितम्बर | स्टीवन स्मिथ के करियर के तीसरे दोहरे शतक के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने यहां ओल्ड ट्रेफर्ड मैदान पर खेले जा रहे एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट मैच के दूसरे दिन गुरुवार को अपनी पहली पारी आठ विकेट के नुकसान पर 497 रनों पर घोषित कर दी। स्मिथ ने 319 गेंदों पर 24 चौके और दो छक्कों की मदद से 211 रन बनाए। यह टेस्ट में उनका तीसरा दोहरा शतक है। इससे पहले के दोनों दोहरे शतक भी उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ ही बनाए हैं।

Advertisement

दिन के तीसरे सत्र में स्मिथ इंग्लैंड के कप्तान जोए रूट का शिकार बने। स्मिथ 438 के कुल स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया के आठवें विकेट के रूप में आउट हुए। उनके बाद मिशेल स्टार्क ने इंग्लैंड के गेंदबाजों को धोया। स्टार्क 58 गेंदों पर सात चौके और दो छक्कों की मदद से 54 रन बनाकर नाबाद लौटे। स्टार्क के साथ नाथन लॉयन 26 रन बनाकर नाबाद रहे।

Advertisement

स्मिथ का कप्तान टिम पेन ने बखूबी साथ दिया है और दोनों छठे विकेट के लिए 145 रनों की साझेदारी की। इसी साझेदारी के दम पर आस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन चायकाल तक पांच विकेट खोकर 369 रन बना लिए थे। पेन हालांकि दिन के तीसरे सत्र में क्रेग ओवरटन का शिकार हो गए। कप्तान ने 127 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 58 रन बनाए।

 

यह पेन का इस सीरीज में पहला अर्धशतक है। इसी के साथ पेन एशेज में अर्धशतक लगाने वाले तीसरे कप्तान-विकेटकीपर बन गए हैं। उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के ही जैक ब्लैकहेम ने 1894 में और इंग्लैंड के एलेक स्टीवर्ट ने 1998 में कप्तान-विकेटकीपर रहते हुए पचास का आंकड़ा छुआ था।

वहीं स्मिथ ने भी कई रिकार्ड अपने नाम किए हैं। यह स्मिथ का टेस्ट में 26वां शतक है। वह सबसे तेजी से 26 शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले डॉन ब्रेडमैन का नंबर है जिन्होंने सिर्फ 69 पारियों में 26 टेस्ट शतक पूरे किए थे। वहीं स्मिथ के अब टेस्ट में 6,750 से ज्यादा रन हो गए हैं वह कोहली से पहले इतने रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। कोहली ने 76 टेस्ट में इतने रनों का आंकड़ा छुआ था जबकि यह स्मिथ का यह 69वां टेस्ट है।

पेन के जाने के बाद भी हालांकि स्मिथ को रोकना इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिए टेढ़ी खीर ही साबित हुआ। नंबर-1 टेस्ट बल्लेबाज ने बड़ी आसानी से 200 का आंकड़ा पार किया। रूट की गेंद पर वह रिवर्स स्वीप मारने के प्रयास में बैकवर्ड प्वांइट पर जोए डेनले के हाथों लपके गए। उनसे पहले पैट कमिंस (4) भी पवेलियन लौट चुके थे।

Advertisement

यहां से स्टार्क और लॉयन ने ऑस्ट्रेलियाई स्कोरबोर्ड को आगे बढ़ाया और नौवें विकेट के लिए 59 रन जोड़े। स्टार्क ने स्मिथ के साथ मिलकर भी आठवें विकेट के लिए 51 रनों की साझेदारी की।

इससे पहले, ऑस्ट्रेलिया ने दिन की शुरुआत तीन विकेट के नुकसान पर 170 रनों के साथ की थी। भोजनकाल से पहले उसने ट्रेविस हेड (19) और मैथ्यू वेड (16) के विकेट खो दिए थे, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिए स्मिथ सिर दर्द बनकर खड़े थे। उन्होंने पहले सत्र की समाप्ति से ठीक पहले अपना शतक पूरा किया और एशेज सीरीज में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन। इस शतक को मिलाकर स्मिथ के एशेज में कुल 11 शतक हो गए हैं।

स्मिथ का यह इंग्लैंड के खिलाफ पिछली आठ पारियों में पांचवां शतक है।

Advertisement

दिन के दूसरे सत्र में पूर्व कप्तान को मौजूदा कप्तान का साथ मिला और दोनों ने अंगद की तरह विकेट पर पैर जमा टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया।

इस बीच हालांकि पेन को दो बार जीवनदार भी मिला जिसका उन्होंने भरपूर फायदा उठाया।

पहले दिन बारिश के कारण दिन का खेल जल्दी खत्म कर दिया गया था। पहले दिन मार्नस लाबुस्शाने ने 67 रनों की पारी खेल स्मिथ का अच्छा साथ दिया था। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 116 रन जोड़े।

Advertisement

इंग्लैंड के लिए स्टुअर्ट ब्रॉड ने तीन, जैक लीच और ओवरटन ने दो-दो विकेट लिए। रूट के हिस्से एक अहम विकेट आया।

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार