मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले में एक बड़ा विवाद देखने को मिला। मिचेल सैंटनर के चोटिल होने के बाद शार्दुल ठाकुर को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर उतारा गया। लेकिन इस फैसले पर सवाल उठने लगे क्योंकि MI पहले ही अपना इम्पैक्ट प्लेयर इस्तेमाल कर चुकी थी। अब इस पूरे मामले में अंपायर्स और नियमों पर बहस तेज हो गई है।
मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में गुरुवार (23 अप्रैल) को खेले गए आईपीएल 2026 के 33वें मुकाबले में एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। इस मैच के दौरान मिचेल सैंटनर के चोटिल होने के बाद शार्दुल ठाकुर को कन्कशन सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर उतारा गया, जिसने सभी को हैरान कर दिया।
दरअसल, मैच की पहली पारी के 17वें ओवर में पांचवी गेंद पर जसप्रीत बुमराह की गेंद पर सैंटनर ने कार्तिक शर्मा का शानदार कैच पकड़ा, लेकिन इसी दौरान उनके बाएं कंधे में चोट लग गई। कैच लेने के बाद वह दर्द में नजर आए और तुरंत मैदान से बाहर चले गए।
इसके बाद जब मुंबई की बल्लेबाजी आई, तो सैंटनर की जगह शार्दुल ठाकुर बल्लेबाजी करने उतर गए। यहां सबसे बड़ा सवाल यही उठा कि मुंबई इंडियंस पहले ही इस मैच में इम्पैक्ट प्लेयर का इस्तेमाल कर चुकी थी, ऐसे में क्या यह बदलाव नियमों के तहत सही था?
क्रिकेट के कन्कशन सब्स्टीट्यूट नियम के अनुसार, किसी खिलाड़ी को सर या गर्दन पर चोट लगने पर ही उसके स्थान पर ‘लाइक-टू-लाइक’ रिप्लेसमेंट लाया जा सकता है, जिसे मैच रेफरी की मंजूरी जरूरी होती है। लेकिन सैंटनर को कंधे में चोट लगी थी, जिससे यह मामला और ज्यादा विवादित बन गया।
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए संजू सैमसन (101*) की शतकीय पारी की बदौलत 207 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस के 9 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाए और पूरी टीम 104 रन पर सिमट गई । नतीजन CSK ने यह मुकाबला 103 रन से अपने नाम कर लिया। टीम के लिए गेंदबाजी में अकील हुसैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 17 रन देकर 4 विकेट झटके।