भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा का युवा खिलाड़ियों से प्यार और मस्ती मज़ाक किसी से छिपा नहीं है। रोहित मैदान के अंदर खिलाड़ियों को डांटने से भी पीछे नहीं हटते हैं जबकि मैदान के बाहर वो खिलाड़ियों के साथ जमकर मस्ती भी करते हैं। हालांकि, फिलहाल युवा खिलाड़ी ध्रुव जुरेल अपनी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए रोहित के साथ मस्ती करते दिखे।
हाल ही में युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने रोहित शर्मा से जुड़ी एक घटना को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर एक मजेदार पोस्ट शेयर की। 2024 की शुरुआत में इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान, रोहित ने खिलाड़ियों को खराब फील्डिंग के लिए फटकार लगाई थी और उस समय रोहित का वो वीडियो वायरल हुआ था।
रोहित ने अपने अनोखे अंदाज में चेतावनी देते हुए युवा खिलाड़ियों को कहा था, "गार्डन में घूमने वाले को छोड़ूंगा नहीं।" इसके बाद ये वीडियो मीम में बदल गया और जुरेल उन खिलाड़ियों में शामिल थे, जिन्हें उस समय रोहित की फटकार का सामना करना पड़ा। अब जुरेल ने अपनी हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट में रोहित के मज़े लेने की कोशिश की।
जुरेल ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से अपने साथी खिलाड़ियों खलील अहमद, अभिषेक शर्मा, रवि बिश्नोई और आवेश खान के साथ एयरपोर्ट पर बैठे हुए एक तस्वीर शेयर की और कैप्शन में मजाकिया अंदाज में लिखा, "गार्डन में मना किया तो एयरपोर्ट में घूमने आ गए।"
अगर रोहित शर्मा की बात करें तो टी-20 वर्ल्ड कप 2024 जीतने के बाद, रोहित शर्मा ने टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों से संन्यास ले लिया, जिसके कारण शुभमन गिल ने जिम्बाब्वे के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में युवा टीम की कप्तानी की। इस सीरीज के पहले मैच में हारने के बाद, टीम इंडिया ने जोरदार वापसी करते हुए सीरीज 4-1 से जीत ली।