इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध द गाबा में इतिहास रच दिया। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने 4 ओवरों में महज 12 रन देकर 5 विकेट झटके। इसी के साथ ओवरटन इस मैदान पर टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 5 विकेट हासिल करने वाले पहले गेंदबाज बन गए। इससे पहले यहां सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन मिचेल स्टार्क का था, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 20 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे।

सीरीज के तीसरे टी20 मैच में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम से सैम हार्पर और जेक फ्रेजर-मैकगर्क ने दूसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 44 रन की साझेदारी की। मैकगर्क 11 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 22 रन बनाकर आउट हुए, जबकि हार्पर ने 14 गेंदों में 26 रन की पारी खेली। इनके अलावा, निखिल चौधरी ने 19 रन, जबकि मिचेल ओवन ने 17 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से जेमी ओवरटन ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि लियाम डॉसन ने 3 विकेट झटके।

जेमी ओवरटन का यह प्रदर्शन, 5वें या उससे नीचे के क्रम पर गेंदबाजी करने वाले किसी तेज गेंदबाज का दूसरा सबसे बेहतरीन टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजी आंकड़ा है। इस मामले में उनसे आगे केवल उमर गुल हैं, जिन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2009 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे।

ओवरटन टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में 5 विकेट हासिल करने वाले दूसरे इंग्लिश गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले सैम करन ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 में अफगानिस्तान के विरुद्ध 10 रन देकर 5 शिकार किए थे।

ओवरटन टी20 क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 विकेट हासिल करने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए हैं। उनसे पहले श्रीलंका के अजंता मेंडिस (16/6) ने साल 2011 में पल्लेकेले में यह कारनामा किया था, जबकि पाकिस्तान के मोहम्मद नवाज ने साल 2026 में लाहौर के मैदान पर इस टीम के खिलाफ 18 रन देकर 5 विकेट झटके थे।

जेमी ओवटरन की धारदार गेंदबाजी के सामने ऑस्ट्रेलियाई टीम 16.5 ओवरों में महज 108 रन पर सिमट गई। यह इस फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया का अपने घरेलू मैदान पर सबसे कम टी20 क्रिकेट में सबसे न्यूनतम स्कोर है। इससे पहले, साल 2022 में सिडनी में खेले गए मुकाबले में यह टीम न्यूजीलैंड के विरुद्ध महज 111 रन पर ढेर हो गई थी।

यह इंग्लैंड के खिलाफ टी20 क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया का दूसरा न्यूनतम स्कोर भी है। इससे पहले, साल 2005 में साउथेम्प्टन में ऑस्ट्रेलिया पूरी टीम 79 रन पर सिमट गई थी। यह गाबा में टी20 मैच की पहली पारी का न्यूनतम स्कोर भी है।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार