Dwayne Bravo Picks India-West Indies All-Time T20 XI: वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ने भारत और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को मिलाकर अपनी ऑल टाइम टी20 प्लेइंग इलेवन चुनाव किया है। ब्रावो ने अपनी टीम में पांच भारतीय खिलाड़ियों को शामिल किया है।
वेस्टइंडीज के पूर्व स्टार ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ने हाल ही में भारत और वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों को मिलाकर अपनी ऑल टाइम टी20 प्लेइंग इलेवन चुनी है। लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शुक्रवार (26 जून) को शेयर की गई इस टीम में ब्रावो ने पांच भारतीय खिलाड़ियों को शामिल किया है।
ब्रावो ने अपनी टीम के लिए ओपनिंग की जिम्मेदारी टी20 क्रिकेट के दो सबसे विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक क्रिस गेल और रोहित शर्मा को सौंपी है। वहीं, तीसरे नंबर पर उन्होंने विराट कोहली को रखा है। मिडिल ऑर्डर में ब्रावो ने वेस्टइंडीज के दमदार खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। उन्होंने निकोलस पूरन, कीरोन पोलार्ड और आंद्रे रसेल को अपनी टीम में शामिल किया। ये तीनों खिलाड़ी लंबे समय से फ्रेंचाइजी और अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करते आ रहे हैं।
विकेटकीपर की भूमिका के लिए ब्रावो ने भारत के पूर्व कप्तान एमएस धोनी को चुना है। धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 में पहला टी20 वर्ल्ड कप जीता था। इसके अलावा ब्रावो ने आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए धोनी की कप्तानी में कई खिताब भी जीते हैं।
ऑलराउंड विभाग को मजबूत करने के लिए ब्रावो ने खुद को और सुनील नरेन को टीम में जगह दी है। दोनों खिलाड़ी टी20 क्रिकेट के सबसे सफल ऑलराउंडरों में शामिल हैं। तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को दी गई है। ब्रावो ने भारत के पूर्व बल्लेबाज सुरेश रैना को अपनी टीम का इम्पैक्ट प्लेयर चुना है।
ड्वेन ब्रावो की ऑल टाइम भारत-वेस्टइंडीज संयुक्त टी20 XI:
क्रिस गेल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, निकोलस पूरन, कीरोन पोलार्ड, आंद्रे रसेल, एमएस धोनी (विकेटकीपर), ड्वेन ब्रावो, सुनील नरेन, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह।
Also Read: LIVE Cricket Score
इम्पैक्ट प्लेयर: सुरेश रैना