SCO vs ITA, ICC T20 World Cup 2026: रिची बेरिंगटन (Richie Berrington) की कैप्टेंसी वाली स्कॉटलैंड की टीम ने सोमवार, 09 फरवरी को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के सातवें मुकाबले में इटली की टीम को 73 रनों से हराकर जीत हासिल की। ये टूर्नामेंट में स्कॉटलैंड की पहली जीत है।
जॉर्ज मुन्से ने ठोका अर्धशतक: इस मुकाबले में स्कॉटलैंड की जीत की नींव टीम के सलामी बल्लेबाज़ जॉर्ज मुन्से ने रखी। इस 32 साल के खिलाड़ी ने इटली के गेंदबाज़ों की जमकर कुटाई की और सिर्फ 54 गेंदों ठोककर 84 रनों की पारी खेली। खास बात ये है कि इस पारी के दौरान मुन्से के बैट से 15 गेंदों पर बाउंड्री के दम पर 64 रन (13 चौके और 2 छक्के) निकले।
ये भी जान लीजिए कि उनके अलावा इटली के लिए ब्रैंडन मैकमुलेन ने 18 गेदों पर 41 रन, माइकल जोन्स ने 18 गेंदों पर 37 रन, और माइकल लीस्क ने महज़ 5 गेंदों पर 22 रन ठोके। इन्हीं पारियों के दम पर स्कॉटलैंड ने अपने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 207 रन बनाए।
बात करें अगर इटली के गेंदबाज़ों की तो अली हसन, ग्रांट स्टीवर्ट, थॉमस ड्रेका और जेजे स्मट्स ने एक-एक विकेट लिया।
माइकल लीस्क ने गेंदबाज़ी से मचाई तबाही: 208 रनों के लक्ष्य का बचाव करते हुए स्कॉटलैंड के ऑलराउंडर माइकल लीस्क टीम के सबसे बड़े हीरो रहे। उन्होंने अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 4 विकेट झटके। इतना ही नहीं, इससे पहले उन्होंने महज़ 5 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्के ठोककर नाबाद 22 रनों की पारी खेली थी। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
उनके अलावा स्कॉटलैंड के लिए मार्क वॉट ने 4 ओवर में 24 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं ब्रैड करी, ब्रैड व्हील, और ओलिवर डेविडसन ने एक-एक विकेट झटका।
मैनेंटी ब्रदर्स की मेहनत पर फिरा पानी: इटली की टीम के लिए मैनेंटी ब्रदर्स ने काफी लड़ाई लड़ी, हालांकि उन्हें दूसरी तरफ से कुछ खास नहीं मिला जिस वज़ह से पूरी टीम 16.4 ओवर में से 134 रनों पर ऑल आउट हो गई। इटली के लिए बेंजामिन मैनेंटी ने सबसे ज्यादा रन बनाए और 31 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली। वहीं उनके अलावा हैरी मैंनेटी ने 25 गेंदों पर 37 रनों की पारी खेली।
जेजे स्मट्स ने भी 11 गेंदों पर 22 रन जोड़े, लेकिन उनके अलावा कोई खिलाड़ी 20 रनों तक का योगदान नहीं कर सका। यही वज़ह है इटली की टीम 134 रनों पर सिमट गई और स्कॉटलैंड ने 73 रनों से मुकाबला जीत लिया।