आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ लगातार दूसरी हार के बाद हार्दिक पांड्या की जमकर आलोचना हो रही है। इसी कड़ी में भारत के पूर्व चयनकर्ता क्रिस श्रीकांत ने भी हार्दिक पांड्या की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें 'प्लास्टिक कप्तान' तक कह दिया। इस मैच में हार्दिक पांड्या ने काफी धीमी बल्लेबाजी भी की जिसके लिए भी उन पर काफी सवाल उठे।
पांड्या ने इस मैच में 23 गेंदों में सिर्फ 18 रन बनाए। इस दौरान मेहमान टीम का स्कोर 12.5 ओवर में 109/4 से बढ़कर पारी के अंत में 159/7 तक ही पहुंच पाया। हार्दिक आखिरी ओवर में आउट हुए और अपनी पारी में सिर्फ दो चौके लगा पाए। हार्दिक ने अपनी पारी में कुल 10 'डॉट बॉल' खेलीं, जिससे श्रीकांत हैरान रह गए। अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए, पूर्व चयनकर्ता ने सवाल उठाया कि पारी के उस मोड़ पर हार्दिक आखिर करना क्या चाह रहे थे।
श्रीकांत ने कहा, "आंकड़ों पर नज़र डालिए। 23 गेंदों में 18 रन। ये क्या है? वो एक 'प्लास्टिक कप्तान' हैं। उस साझेदारी को देखिए। इरादा क्या था? हार्दिक पांड्या आखिर करना क्या चाह रहे थे? अगर आप बीच के ओवरों में खेली गई 'डॉट बॉल' की संख्या देखें, तो ये साफ है कि वहां कोई सही हिसाब-किताब या खेल की समझ नहीं थी। उस दौर में रन बनाने की गति रन-रेट बहुत तेज़ी से नीचे गिरी।"
आगे बोलते हुए उन्होंने कहा, "लगभग छठे या सातवें ओवर से, उन्होंने करीब 9 रन प्रति ओवर की गति से शुरुआत की, लेकिन फिर ये नीचे गिरती गई। 7, 7, एक ओवर में 13, फिर 10, फिर 6। उसके बाद, 5, 4, 3, 7, 4। यहीं पर उन्होंने 12वें से 16वें ओवर के बीच मैच पूरी तरह से गंवा दिया। यहां तक कि आखिर में भी, जब हार्दिक अभी भी बल्लेबाजी कर रहे थे, तब भी सिर्फ 7 रन और 4 रन ही बन रहे थे। सच कहूं तो, मुझे समझ ही नहीं आया कि वे क्या करने की कोशिश कर रहे थे। उनका प्लान क्या था?"
Also Read: LIVE Cricket Score
बता दें कि इस सीज़न में हार्दिक का 136.45 का स्ट्राइक-रेट चिंता का विषय रहा है, क्योंकि MI के मध्यक्रम में आक्रामक बल्लेबाजी की कमी साफ नज़र आई है।