IND vs AFG: भारतीय क्रिकेट टीम सितंबर में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की T20I सीरीज खेलने वाली है। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी ACB ने भारत के दौरे की तारीखों और वेन्यू की पुष्टि कर दी है। सीरीज के तीनों मुकाबले नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे।
ACB के मुताबिक भारत और अफगानिस्तान के बीच पहला T20I मुकाबला 13 सितंबर को होगा। इसके बाद दूसरा मुकाबला 15 सितंबर और तीसरा मैच 17 सितंबर को खेला जाएगा। यानी दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की पूरी सीरीज पांच दिनों के अंदर खत्म हो जाएगी।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबकि अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के CEO नसीब खान ने अपने कमर्शियल पार्टनर्स को भेजे एक पत्र में इन तारीखों और वेन्यू की पुष्टि की है। पत्र में बताया गया है कि भारत के अफगानिस्तान दौरे की तारीखों पर BCCI और ACB के बीच सहमति बन चुकी है और मुकाबलों के लिए वेन्यू भी फाइनल कर दिए गए हैं।
हालांकि, बोर्ड की ओर से इस सीरीज को लेकर अभी आधिकारिक सार्वजनिक घोषणा नहीं की गई है। वहीं ACB ने अपने पार्टनर्स को भेजे पत्र में यह भी कहा है कि वह जल्द ही मीडिया राइट्स होल्डर्स और दूसरे संबंधित पक्षों को अपनी प्लानिंग, प्रोडक्शन और प्रमोशनल तैयारियां शुरू करने की अनुमति भी देने वाला है।
Also Read: LIVE Cricket Score
बांग्लादेश को लग सकता है झटका
भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली इस सीरीज से बांग्लादेश को बड़ा झटका लग सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड सितंबर में भारत के खिलाफ छह मैचों की व्हाइट-बॉल सीरीज आयोजित करना चाहता था। BCB ने इसके लिए 1 से 13 सितंबर के बीच का विंडो प्रस्तावित किया था। हालांकि, अब 13 से 17 सितंबर तक अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की सीरीज कन्फर्म होने के बाद भारत का यह बांग्लादेश दौरा अब नामुमकिन नजर आ रहा है।