फातुल्लाह (बांग्लादेश), 12 जून (आईएएनएस)| भारत ने खान साहेब उस्मान अली स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ वर्षा से प्रभावित एकमात्र टेस्ट के तीसरे दिन शुक्रवार का खेल खत्म होने तक छह विकेट के नुकसान पर 462 रन बना लिए। बारिश के कारण दूसरे दिन मैच में कोई भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी थी जबकि तीसरे दिन भी केवल 47.3 ओवरों का ही खेल हो सका। दिन के दूसरे सत्र में चायकाल से पूर्व बारिश ने दूसरी बार खलल डाला और खेल को रोकना पड़ा। 

इसके बाद खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका और अंपायरों ने निर्धारित समय से पूर्व दिन के खेल की समाप्ति की घोषणा कर दी। रविचंद्रन अश्विन दो और हरभजन सिंह सात रन बनाकर नाबाद लौटे।

इससे पूर्व, भोजनकाल से ठीक बाद भी बारिश से काफी समय जाया हुआ। बारिश के खलल अलावा हालांकि तीसरे दिन मुरली विजय (150) और अजिंक्य रहाणे (98) की पारियां चर्चा का विषय रहीं। विजय के बल्ले से उनके करियर का छठा शतक निकला जबकि रहाणे अपने चौथे शतक से चूक गए। 

पहले दिन के बिना किसी नुकसान के 239 रनों से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम को दिन का पहला झटका 283 रनों के कुल योग पर शिखर धवन (173) के रूप में लगा। धवन ने 195 गेंदों की पारी में 23 चौके लगाए। पहले दिन धवन 150 रनों पर नाबाद लौटे थे। धवन को हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन ने पवेलियन भेजा। 

शाकिब ने इसके बाद जल्द ही रोहित शर्मा (6) को भी बोल्ड कर भारत को दूसरा झटका दिया। कप्तान विराट कोहली भी (14) पहले ही सत्र में तीसरे विकेट के रूप में जुबैर हुसैन का शिकार हुए।

इसके बाद विजय और अजिंक्य रहाणे (98) ने चौथे विकेट के लिए 114 रनों की साझेदारी कर भारत को विशाल स्कोर की ओर अग्रसर किया। यहां भी शाकिब ने विजय को पगबाधा कर इस जोड़ी को तोड़ा।

विजय ने 272 गेंदों की पारी में 12 चौके और एक छक्का लगाया। विजय के बाद रिद्धिमान साहा (6) जुबैर हुसैन का शिकार हुए और पांचवें बल्लेबाज के रूप में पवेलियन लौटे। 

शाकिब ने अपने टेस्ट करियर के चौथे शतक की ओर से बढ़ रहे रहाणे को बोल्ड कर भारत को छठा झटका दिया। रहाणे ने 103 गेंदों की पारी में 14 चौके लगाए। शाकिब ने बांग्लादेश में अपना 100वां विकेट हासिल किया। बांग्लादेश की ओर से शाकिब अब तक चार जबकि जुबैर हुसैन दो विकेट हासिल कर चुके हैं। 

Advertisement

 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार