मेलबर्न, 30 दिसम्बर (CRICKETNMORE)| भारतीय क्रिकेट टीम ने तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया को 137 रनों से हराकर चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली है। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मैच में पांचवें और आखिरी दिन रविवार को भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी 261 रनों पर समाप्त कर यह जीत हासिल की। पहली बार ऐसा हुआ है जब  भारत ने ऑस्ट्रेलिया में एक टेस्ट सीरीज में दो मैच जीते हैं। 

Advertisement

इस मैच को जीतने के साथ भारतीय टीम ने 150वां टेस्ट मैच जीता है। वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाली पांचवीं टीम है। 

Advertisement

भारती गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। वह एक तेज गेंदबाज के रूप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे अधिक नौ विकेट लेने वाले पहले भारतीय तेज गेंदबाज बन गए हैं। इस क्रम में उन्होंने दिग्गज गेंदबाज कपिल देव को पछाड़ा है। 

एक कप्तान के रूप में विराट कोहली ने पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। कोहली ने कप्तान के तौर पर विदेशी सरजमीं पर 11 टेस्ट मैच जीत लिए हैं।

भारत ने अपनी दूसरी पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए 399 रनों का लक्ष्य दिया था। इस लक्ष्य को हासिल करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ने चौथे दिन आठ विकेट के नुकसान पर 258 रन बनाए थे। पैट कमिंस (63) और नाथन ल्योन (7) नाबाद थे। 

इसके बाद, पांचवें और आखिरी दिन का पहला सत्र बारिश के कारण बाधित रहा और ऐसे में पहले सत्र में एक भी गेंद नहीं फेंकी गई। इसके साथ ही भोजनकाल की घोषणा कर दी गई। 

Advertisement

दूसरे सत्र में अपने बाकी बचे 141 रनों के लक्ष्य को हासिल करने उतरी ऑस्ट्रेलिया के लिए कमिंस और नाथन ने 46 रन ही जोड़े थे कि जसप्रीत बुमराह ने कमिंस को चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच आउट करा टीम का विकेट गिरा दिया। 

कमिंस ने इस पारी में ऑस्ट्रेलिया के लिए सबसे अधिक रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में खेली गईं 114 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का लगाया। 

इसके बाद, 10वें विकेट के लिए नाथन का साथ देने उतरे जोश हेजलवुड (0) को इशांत शर्मा ने एक भी रन जोड़ने का मौका नहीं दिया। 

Advertisement

इशांत ने नाथन को 261 के स्कोर पर आउट करने के साथ ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी समाप्त कर दी और भारत ने 137 रनों से जीत हासिल की। नाथन विकेट के पीछे खड़े ऋषभ पंत के हाथों लपके गए। 

भारत के लिए इस पारी में जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा ने सबसे अधिक तीन-तीन विकेट लिए, वहीं मोहम्मद शमी और इशांत शर्मा को दो-दो विकेट मिले। 

भारत ने अपनी पहली पारी सात विकेट गंवाकर 443 रनों पर घोषित कर दी थी। इसके बाद मेहमान टीम ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 151 रनों पर समेट दी। 

Advertisement

भारत ने इसके बाद अपनी दूसरी पारी 106 रनों पर घोषित कर ऑस्ट्रेलिया को 399 रनों का लक्ष्य दिया था। 

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चौथा और आखिरी टेस्ट मैच तीन से सात जनवरी तक सिडनी में खेला जाएगा।

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार