15 जून। अपने पहले अंतर्राष्ट्रीय टेस्ट मैच में अफगानिस्तान को भारत के हाथों पारी और 262 रनों से हार मिली है। अफगानिस्तान की टीम दो दिन से ज्यादा खेल के सबसे लंबे प्रारूप में टिक नहीं सकी और दूसरे दिन शुक्रवार को ही अपनी दोनों पारियों में ऑल आउट हो गई।

Advertisement

भारत ने पहली पारी में शिखर धवन (107), मुरली विजय (105), हार्दिक पांड्या (71) और लोकेश राहुल (54) की बेहतरीन पारियों के दम पर 474 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। 

अफगानिस्तान को दूसरे दिन के दूसरे सत्र में अपनी पहली पारी खेलने का मौका मिला, जिसमें वह 27.5 ओवरों में महज 109 रनों पर ढेर हो गई। भारत ने पहली पारी के आधार पर 365 रनों की बढ़त ले ली थी और मेहमान टीम को फॉलोऑन के लिए आमंत्रित किया। 

दूसरी पारी खेलने उतरी अफगानिस्तान के बल्लेबाज एक बार फिर टेस्ट की नंबर-1 टीम भारत के गेंदबाजों के सामने 38.4 ओवरों में 103 रनों पर ही ढेर हो गए और इस तरह अफगानिस्तान को अपने पदार्पण टेस्ट मैच में हार का सामना करना पड़ा। 

यह भारत की टेस्ट में दो दिनों में ही मिली पहली जीत है। इससे पहले भारत ने कभी भी टेस्ट में दो दिनों में जीत हासिल नहीं की थी। 

दूसरी पारी में अफगानिस्तान के लिए हसमातुल्लाह ने सबसे ज्यादा 36 रन बनाए। वह 88 गेंदों में छह चौके लगाकर नाबाद लौटे। कप्तान असगर स्टानिकजई ने 25 रन बनाए।

दूसरी पारी में भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने चार विकेट लिए। उमेश यादव को तीन और ईशांत शर्मा को दो सफलता मिली। रविचंद्रन अश्विन के हिस्से एक विकेट आया। 

लेखक के बारे में

Vishal Bhagat
Vishal Bhagat - A cricket lover, Vishal is covering cricket for the last 5 years and has worked with the Dainik Bhaskar group in the past. He keeps a sharp eye on the record being made in the cricket world and takes no time to present it to the viewers in the form of articles. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार