Ishan Kishan Double Century: भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज़ ईशान किशन (Ishan Kishan) लंबे समय टीम इंडिया की टेस्ट स्क्वाड (India Test Squad) से दूर हैं। उन्होंने साल 2023 में आखिरी टेस्ट इंटरनेशनल खेला था और वो लगातार ही टेस्ट स्क्वाड में अपनी जगह बनाने में संघर्ष कर रहे थे। हालांकि अब उन्होंने दलीप ट्रॉफी 2026 (Duleep Trophy 2026) के फाइनल में दोहरा शतक ठोककर भारतीय टेस्ट टीम का दरवाजा खटखटाया है और एक बार फिर भारतीय चयनकर्ताओं का ध्यान खुद की तरफ आकर्षित किया है।
चौके-छक्के की बरसात करके ठोका दोहरा शतक: 28 वर्षीय ईशान किशन दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन की कैप्टेंसी कर रहे हैं और उन्होंने फाइनल में भी अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। उन्होंने साउथ जोन के गेंदबाज़ों की जमकर कुटाई की और 26 चौके 2 छक्के लगाकर अपना दोहरा शतक पूरा किया। यानी उन्होंने अपनी पारी के दौरान दोहरा शतक पूरा करने तक 116 रन तो चौके-छक्के से ही बनाए।
गौरतलब है कि खबर लिखे जाने तक भी ईशान किशन आउट नहीं हुए हैं और उन्होंने 282 गेंदों का सामना करके 27 चौके 4 छक्के की मदद से 224 रन बना लिए हैं। जिस लय में वह बल्लेबाज़ी कर रहे हैं, ऐसा लग रहा है कि वो तिहरा शतक भी लगा सकते हैं।
भारत की टेस्ट टीम में होगी वापसी?: ईशान किशन ने दलीप ट्रॉफी के फाइनल में दोहरा शतक लगाकर एक बार फिर अपनी काबिलियत साबित की है और भारतीय चयनकर्ताओं को ये संदेश दे दिया है कि वो टेस्ट टीम में भी जगह के हकदार हैं। उन्होंने भारतीय टेस्ट स्क्वाड का दरवाजा तो खटखटा दिया है, ऐसे में अब ये देखना काफी दिलचस्प रहेगा कि सेलेक्टर्स उनके लिए ये दरवाजा खोलते हैं या नहीं।
बताते चलें कि ईशान ने देश के लिए अब तक दो टेस्ट खेले हैं, जिसमें उन्होंने एक अर्धशतक लगाकर 78 रन बनाए। इसके अलावा उन्होंने 66 फर्स्ट क्लास मैचों (दलीप ट्रॉफी के फाइनल से पहले) की 108 पारियों में लगभग 40 की औसत से 3,952 रन जोड़े हैं।
मैच का हाल: ईशान किशन की कप्तानी वाली ईस्ट जोन की टीम एक पहाड़ जैसे स्कोर की तरफ बढ़ रही है। खबर लिखे जाने तक वो अपनी पहली पारी में 125 ओवर खेल चुके हैं और उन्होंने 5 विकेट खोकर स्कोर बोर्ड पर 578 रन टांग दिए हैं। मैदान पर ईशान किशन (282 गेंदों पर 224 रन) और अनुकूल रॉय (74 गेंदों पर 33 रन) की जोड़ी मौजूद है।
दोनों टीमें
ईस्ट जोन (Playing XI): अभिमन्यु ईश्वरन, वैभव सूर्यवंशी, कुमार कुशाग्र, सुदीप कुमार घरामी, शिखर मोहन, ईशान किशन (विकेटकीपर/कप्तान), एमडी कौनेन कुरैशी, अनुकूल रॉय, मोहम्मद शमी, अभिजीत के. सरकार, मुकेश कुमार।
Also Read: LIVE Cricket Score
साउथ जोन (Playing XI): रिकी भुई, नारायण जगदीशन (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, शेख रशीद, तिलक वर्मा (कप्तान), स्मरण रविचंद्रन, श्रेयस गोपाल, त्रिपुराना विजय, मोहम्मद सिराज, चामा वी. मिलिंद, एमडी निधीश।