AUS Vs ENG 4th T20I: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच रविवार (29 नवंबर) को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए चौथे टी20 मुकाबले में जबरदस्त टक्कर देखने को मिली। लेकिन मैच के दौरान एक ऐसा पल भी आया, जब मैदान पर खिलाड़ियों के बीच माहौल गरमा गया। इंग्लैंड के ऑलराउंडर जेमी ओवरटन (Jamie Overton) और ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) के बीच तीखी बातचीत देखने को मिली। 

दरअसल, इंग्लैंड की पारी का 20वां ओवर जैक एडवर्ड्स डाल रहे थे। ओवर की पहली गेंद पर ओवरटन ने छक्का जड़ दिया, लेकिन इसके बाद एडवर्ड्स ने शानदार वापसी की। दूसरी गेंद पर कोई रन नहीं आया, जबकि तीसरी गेंद उन्होंने बल्लेबाज की पहुंच से काफी दूर रखी। ओवरटन ने वाइड का इशारा करने के लिए अपने दोनों हाथ फैलाए, लेकिन अंपायर ने गेंद को वाइड नहीं दिया। 

इसके बाद चौथी गेंद डालने से पहले जैक एडवर्ड्स और जेमी ओवरटन के बीच कुछ बातचीत हुई। एडवर्ड्स ने ओवरटन से क्या कहा, यह साफ नहीं हो पाया, लेकिन इंग्लैंड का यह ऑलराउंडर उनकी बात से खुश नजर नहीं आया। वह तुरंत ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श के पास पहुंच गए और उनसे तीखे अंदाज में कुछ कहने लगे।

इस दौरान ओवरटन काफी आक्रामक अंदाज में अपनी बात रखते दिखाई दिए। हालांकि, दोनों खिलाड़ियों के बीच क्या बातचीत हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई। कुछ देर तक चली इस बहस के बाद आखिरकार ओवरटन वहां से वापस चले गए। 

VIDEO:

मुकाबले की बात करें तो इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 181 रन बनाए थे। टीम की तरफ से सैम करन ने 28 गेंदों पर नाबाद 50 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जेम्स कोल्स ने 29 गेंदों पर 33 रन का योगदान दिया।

Also Read: LIVE Cricket Score

लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए कप्तान मिचेल मार्श ने अकेले दम पर मुकाबले को रोमांचक बना दिया। उन्होंने 57 गेंदों पर 119 रन की तूफानी शतकीय पारी खेली। हालांकि, आखिरी ओवर में ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए जरूरी 12 रन नहीं मिल सके और टीम लक्ष्य से 7 रन पीछे रह गई। इस तरह इंग्लैंड ने रोमांचक मुकाबले में जीत दर्ज की।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार