IND vs USA T20 World Cup 2026: भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) बुखार के कारण शनिवार (7 फरवरी) को अमेरिका (USA) के खिलाफ होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले से बाहर हो सकते हैं।
इंडियन एक्सप्रैस की खबर के अनुसार भारतीय टीम मैनेजमेंट जसप्रीत बुमराह को आराम देगा और उनके वानखेड़े स्टेडियम में ओपनिंग मैच खेलने के लिए जल्दबाजी नहीं की जाएगी। जिसका मतलब है कि टूर्नामेंट में अपने पहले मैच के लिए भारतीय टीम के पास 13 फिट खिलाड़ी हैं, क्योंकि वॉशिंगटन सुंदर भी अभी तक भारतीय टीम के साथ नहीं जुड़े हैं। सुंदर बेंगलुरु में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में मौजूद हैं, और फाइनल फिटनेस टेस्ट पास करने का इंतजार कर रहे हैं।
मैच की पूर्व संध्या पर बुमराह ट्रेनिंग के लिए ग्राउंड पर नहीं पहुंचे। अगर बुमराह बाहर होते हैं तो मोहम्मद सिराज को मौका मिल सकता है। घुटने की चोट के कारण बाहर हुए तेज गेंदबाज हर्षित राणा की जगह टूर्नामेंट की शुरूआत से एक दिन पहले सिराज को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। राणा को 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ नवी मुंबई में खेले गए वॉर्मअप मैच के दौरान चोट लगी थी।
बीसीसीआई ने अपनी प्रेस रिलीज में कहा, “स्पेशलिस्ट से परामर्श और उसके बाद कराए गए स्कैन के बाद, बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए अनफिट घोषित किया। टीम मैनेजमें हर्षित के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता है। टीम में हर्षित के जगह मोहम्मद सिराज शामिल होंगे।”
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके अलावा अमेरिका के खिलाफ होने वाले मुकाबले में अभिषेक शर्मा के साथ ईशान किशन ओपनिंग करते हुए नजर आएंगे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्मअप मैच के दौरान उन्होंने 53 रन की तूपानी पारी खेली थी। वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच में 103 रन बनाए थे। उस सीरीज में संजू सैमसन ओपनिंग करते हुए प्लॉप रहे थे और अभी वह फॉर्म में नहीं हैं। ऐसे में भारतीय टीम मैनेजमेंट किशन के साथ जाएगा।