22 अक्टूबर। पीठ के निचले हिस्से में चोट के कारण दक्षिण अफ्रीका के साथ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर हुए जसप्रीत बुमराह वेस्टइंडीज सीरीज में वापसी कर सकते हैं। टीम प्रबंधन की कोशिश है कि बुमराह विंडीज सीरीज तक फिट हो जाएं। इस बात से इतना तय माना जा सकता है कि बुमराह इस साल टीम से बाहर ही रहेंगे और अगले साल वापसी करेंगे।

Advertisement

टीम प्रबंधन से जुड़े एक सूत्र ने आईएएनएस से कहा कि बांग्लादेश सीरीज रडार पर नहीं है क्योंकि कप्तान विराट कोहली और रवि शास्त्री चाहते हैं कि बुमराह पूरी तरह से फिट होकर लौटें और अगले साल आस्ट्रेलिया में होने वाले टी-20 विश्व कप के लिए तैयार रहें।

Advertisement

सूत्र ने कहा, "आप कह सकते हैं कि टीम चाहती है कि बुमराह विंडीज के खिलाफ सीमित ओवरों की सीरीज में वापसी करें। टीम प्रबंधन इस बात को लेकर साफ है कि वह इस मामले में किसी तरह के शॉर्टकट्स नहीं चाहती और चाहती है कि बुमराह पूरी तरह से फिट होकर वापसी करें। बांग्लादेश सीरीज काफी जल्दी हो जाएगी।"

जब पूछा गया कि बुमराह की वापसी में देरी हो सकती हैे तो सूत्र ने कहा है कि इसकी संभावना बहुत कम है क्योंकि नितिन पटेल उनके साथ काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "ऐसा कोई खिलाड़ी जिस पर भारतीय खिलाड़ी भरोसा कर सकते हैं तो वो है नितिन, वह बुमराह की चोट पर नजर रखे हुए, उनके साथ काम कर रहे हैं। बुमराह समय से पहले भी ठीक हो सकते हैं।"

भारतीय टीम लगातार क्रिकेट खेल रही है और ऐसे में वर्कलोड मैनेजमेंट काफी अहम है जिस पर कप्तान और कोच लगातार ध्यान दे रहे हैं।

Advertisement

इस पर सूत्र ने कहा, "खिलाड़ियों का वर्कलोड मैनेजमेंट, यह शायद हमारे लिए सबसे अहम है। इसलिए बुमराह ने विश्व कप के बाद से सीमित ओवरों की क्रिकेट नहीं खेली है क्योंकि हम उन्हें टेस्ट के लिए तरोताजा रखना चाहते हैं। जब तक टेस्ट चैम्पियनशिप चल रही है तब तक वो हमारे लिए काफी अहम है। हम जानते हैं कि वह अच्छे गेंदबाज क्यों हैं।"

इसका सीधा सा मतलब है कि जसप्रीत बुमराह बांग्लादेश के खिलाफ होम सीरीज में भारतीय टीम का हिस्सा नहीं रह पाएंगे। भारतीय टीम बांग्लादेश के खिलाफ 3 टी20 और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज खेलने वाली है। 3 नवंबर को पहला टी-20 मैच बांग्लादेश के खिलाफ खेला जाएगा। 

लेखक के बारे में

Vishal Bhagat
Vishal Bhagat - A cricket lover, Vishal is covering cricket for the last 5 years and has worked with the Dainik Bhaskar group in the past. He keeps a sharp eye on the record being made in the cricket world and takes no time to present it to the viewers in the form of articles. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार