अपने करियर के सबसे अच्छे दौर से गुजर रहे कप्तान जो रूट (218) के पांचवें दोहरे शतक की बदौलत इंग्लैंड ने यहां एमए चिदम्बरम स्टेडियम में मेजबान भारत के साथ जारी पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार को दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में आठ विकेट पर 555 रन का विशाल स्कोर बना लिया। स्टंप्स के डोमिनिक बैस 84 गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 28 और जैक लीच 28 गेंदों पर एक चौके के सहारे छह रन बनाकर नाबाद लौटे। दोनों बल्लेबाजों के बीच नौवें विकेट लिए अब तक 30 रनों की साझेदारी हुई है।

Advertisement

भारत की ओर से इशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, रविचंद्रन अश्विन और अपना पदार्पण टेस्ट खेल रहे शाहबाज नदीम को दो-दो विकेट मिले हैं।

इससे पहले, इंग्लैंड ने अपने पहले दिन के स्कोर तीन विकेट पर 263 रन से आगे खेलना शुरू किया। कप्तान रूट ने अपनी पारी को 128 रन से आगे बढ़ाया। बेन स्टोक्स नए बल्लेबाज के रूप में मैदान पर उतरे।

दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए इंग्लैंड का स्कोर बोर्ड जारी रखा और लंच तक मेहमान टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया।

विकेट को अच्छी तरह से पढ़ चुके रूट ने 260 गेंदों पर अपना 150 रन पूरा किया। रूट का भारत में टेस्ट में यह तीसरा बेस्ट स्कोर है। स्टोक्स ने भी जिम्मेदारी से खेलते हुए रूट का अच्छा साथ निभाया। भारत के पास 112वें ओवर में अश्विन की गेंद पर स्टोक्स को रन आउट करने का मौका था। लेकिन वाशिंगटन सुंदर का थ्रो ज्यादा दूर था।

Advertisement

दोनों बल्लेबाजों ने लंच तक इंग्लैंड को कोई झटका नहीं लगने दिया। इंग्लैंड ने दूसरे सेशन की शुरूआत तीन विकेट पर 355 रन से आगे खेलना शुरू किया। रूट ने 156 और स्टोक्स ने अपनी पारी को 63 रनों से आगे बढ़ाया।

 

रूट और स्टोक्स के बीच चौथे विकेट के लिए 124 रनों की साझेदारी हुई। लंबी होती जा रही इस साझेदारी को नदीम ने स्टोक्स को चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच कराकर तोड़ा।

स्टोक्स अपनी पारी में 19 रन और जोड़कर टीम के 387 के रूकोर पर चौथे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। स्टोक्स ने 118 गेंदों पर 10 चौके और दो छक्के की मदद से 82 रन बनाए।

Advertisement

स्टोक्स के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए ओली पोप ने रूट के साथ मिलकर चायकाल तक इंग्लैंड को और कोई झटका नहीं लगने दिया। रूट ने चायकाल से पहले ही अपना दोहरा शतक पूरा कर लिया।

उन्होंने अश्विन की गेंद पर छक्का लगाकर अपना दोहरा शतक पूरा किया। रूट छक्का लगाकर अपना दोहरा शतक पूरा करने वाले पहले इंग्लिश क्रिकेटर बन गए हैं। रूट का घर से बाहर यह तीसरा दोहरा और पिछले तीन टेस्ट मैचों में दूसरा शतक है। रूट अपने 100वें टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले क्रिकेटर बन गए हैं।

इसके साथ ही रूट टेस्ट में सर्वाधिक दोहरे शतक लगाने वाले संयुक्त रूप से इंग्लैंड के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। पूर्व कप्तान एलेस्टेयर कुक के नाम भी पांच दोहरा शतक है। वहीं, वेली हामंड के नाम सात शतक दोहरा शतक है।

Advertisement

रूट ने मैच के पहले दिन शतक जमाया था और वह अपने 100वें टेस्ट में शतक लगाने वाले नौवें बल्लेबाज बने थे।

इंग्लैंड ने चायकाल तक चार विकेट पर 454 रन बना लिए थे। चायकाल के बाद रूट ने 209 और ओली पोप ने 24 रनों से आगे खेलना शुरू किया। पोप कुछ खास नहीं कर सके और 34 रन बनाकर आउट हो गए। उन्हें अश्विन ने पगबाधा आउट किया।

पोप टीम के पांचवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। उनके आउट होने के बाद कप्तान रूट का धैर्य भी जवाब दे गया और वह छठे बल्लेबाज के रूप में टीम के 477 के स्कोर पर आउट हुए। रूट ने 377 गेंदों पर 19 चौके और दो छक्का लगाया। रूट को नदीम ने पगबाधा आउट किया।

Advertisement

रूट के आउट होने के बाद जोस बटलर भी 30 रन बनाकर चलते बने। उन्हें इशांत शर्मा ने बोल्ड किया। इसके बाद जोफरा आर्चर आठवें विकेट के रूप में खाता खोले बिना चलते बने। आर्चर को भी इशांत ने अपना शिकार बनाया।

इसके बाद बैस और लीच ने स्टंप्स तक इंग्लैंड का और कोई विकेट नहीं गिरने दिया। उनके अलावा रोरी बर्न्‍स ने 33, डॉमिनिक सिब्ले ने 87 और डैनियल लॉरेंस खाता खोले बिना आउट हुए।
 

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार