IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच शनिवार (15 अगस्त) से खेले जा रहे पहले टेस्ट के शुरुआती दिन में ही केएल राहुल (KL Rahul) को लेकर टीम इंडिया की टेंशन बढ़ गई थी। शानदार पारी खेलने के बाद राहुल को शरीर में ऐंठन की शिकायत हुई और उन्हें रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान से बाहर जाना पड़ा। हालांकि, दिन का खेल खत्म होने के बाद भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच ने उनकी फिटनेस को लेकर अच्छी खबर दी है।
भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने राहुल की फिटनेस को लेकर राहत देते हुए बताया कि राहुल को सिर्फ क्रैम्प्स की समस्या हुई थी और फिलहाल वह ठीक हैं। कोटक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "यह सिर्फ क्रैम्प्स हैं और केएल राहुल अभी ठीक दिख रहे हैं। अगर वह फिट रहते हैं तो टचवुड, कल खेलने के लिए तैयार रहेंगे।" इससे साफ है कि टीम मैनेजमेंट को राहुल की चोट को लेकर फिलहाल ज्यादा चिंता नहीं है।
सलामी बल्लेबाज राहुल ने पहले दिन भारत की पारी को संभालने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 162 गेंदों का सामना करते हुए 77 रन बनाए। इस दौरान वह काफी सहज नजर आए और उनकी देवदत्त पडिक्कल के साथ तीसरे विकेट के लिए 150 रन की शानदार साझेदारी हुई।
हालांकि, दिन के आखिरी सत्र में राहुल को लगातार क्रैम्प्स होने लगे। उन्होंने मैदान पर इलाज भी कराया, लेकिन शरीर के अलग-अलग हिस्सों में ऐंठन की परेशानी बनी रही। इसके बाद उन्हें बल्लेबाजी छोड़कर मैदान से बाहर जाना पड़ा।
मैच की बात करें तो भारत ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 2 विकेट खोकर 288 रन बना लिए हैं। देवदत्त पडिक्कल ने शानदार शतक जड़ते हुए भारत को दमदार शुरुआत दिलाई है। वह 178 गेंदों में 131 रन बनाकर नाबाद हैं और उनके साथ ऋषभ पंत 36 गेंदों में 27 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
टीमें इस टेस्ट के लिए:
भारत (प्लेइंग इलेवन): यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रीलंका (प्लेइंग इलेवन): लाहिरू उदारा, निशान मदुष्का, दिनेश चंडीमल, कामिंडु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।