KL Rahul Record: अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में केएल राहुल के पास बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। उन्हें बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज 2000 वनडे रन पूरे करने के लिए सिर्फ 105 रन की जरूरत है। ऐसा करते ही वह महेंद्र सिंह धोनी और राहुल द्रविड़ के एलिट क्लब में शामिल हो जाएंगे।
भारतीय टीम अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के साथ 50 ओवर के क्रिकेट में वापसी करने जा रही है। दोनों टीमों के बीच पहला वनडे शनिवार (13 जून) को धर्मशाला में खेला जाएगा, जबकि दूसरा मुकाबला 17 जून को लखनऊ और तीसरा तथा अंतिम मैच 20 जून को चेन्नई में आयोजित होगा।
पिछले कुछ वर्षों से केएल राहुल भारतीय वनडे टीम के सबसे भरोसेमंद विकेटकीपर बल्लेबाज रहे हैं। अब अफगानिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली सीरीज में वह एक ऐसी उपलब्धि हासिल करने के करीब हैं, जिसे अब तक भारत के सिर्फ दो खिलाड़ी ही हासिल कर पाए हैं।
दरअसल, केएल राहुल को भारत के लिए बतौर नामित विकेटकीपर बल्लेबाज 2000 वनडे रन पूरे करने के लिए सिर्फ 105 रन की जरूरत है। अगर वह इस तीन मैचों की सीरीज में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेलते हुए 105 रन बना लेते हैं तो वह पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और महान बल्लेबाज राहुल द्रविड़ के एलिट क्लब में शामिल हो जाएंगे।
भारत के लिए वनडे में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज सबसे पहले 2000 पूरे करने वाले खिलाड़ी राहुल द्रविड़ थे। उन्होंने 1999 से 2004 के बीच विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका निभाते हुए 73 वनडे मैचों में 2300 रन बनाए थे। इसके बाद महेंद्र सिंह धोनी ने 2004 से 2019 के बीच भारत के लिए बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज 347 वनडे मैच खेले और 10,599 रन बनाए। वहीं धोनी इस समय भारत के लिए वनडे में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड का भी अपने पास रखते हैं।
भारत के लिए बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन
खिलाड़ी मैच रन
महेंद्र सिंह धोनी 347 10,599
राहुल द्रविड़ 73 2,300
केएल राहुल 54 1,895
नयन मोंगिया 140 1,272
ऋषभ पंत 24 714
Also Read: LIVE Cricket Score
केएल राहुल की बात करें तो उन्होंने अब तक भारत के लिए बतौर नामित विकेटकीपर बल्लेबाज 54 वनडे मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 48 पारियों में 1895 रन बनाए हैं और उनकी बल्लेबाजी औसत 57.42 की रही है।