डेविड वार्नर और मार्नस लाबुशेन के अर्धशतकों की बदौलत गुरुवार को एडिलेड ओवल में दूसरे एशेज टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 89 ओवरों में 221/2 रन बना लिए हैं। लाबुशेन (95) और स्टीव स्मिथ (18) रन बनाकर नाबाद क्रीज पर मौजूद हैं।
इस मैच में लाबुशेन ने अपने बल्ले के अलावा अपनी ज़ुबान से भी फैंस का भरपूर मनोरंजन किया। इस टेस्ट के पहले दिन लाबुशेन का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वो इंग्लैंड के तेज़ गेंदबाज़ ओली रॉबिन्सन की तारीफ करते हुए नजर आ रहे हैं।
ये घटना ऑस्ट्रेलियाई पारी के 70वें ओवर में घटित हुई। ओली रॉबिन्सन के इस ओवर की आखिरी गेंद को लाबुशेन ने ब्लॉक कर दिया। गेंद को डिफेंस करने के बाद लाबुशेन ने भी माना कि ये शानदार गेंद थी। उन्होंने रॉबिन्सन की तारीफ करते हुए कहा, "ओह! ये अच्छी गेंद है।" लाबुशेन की ये तारीफ स्टंपमाइक में रिकॉर्ड हो गई और वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया।
हालांकि, वीडियो में देखा जा सकता है कि लाबुशेन की इस तारीफ को सुनकर रॉबिन्सन भी मुस्कुराते हैं। ये घटना पहले दिन ड्रिंक्स ब्रेक से ठीक पहले हुई थी। वहीं, पहले दिन शानदार बल्लेबाज़ी करने वाले लाबुशेन को दूसरे दिन शतक का इंतज़ार होगा क्योंकि वो 95 रन बनाकर नाबाद हैं।