बांग्लादेश और पाकिस्तान टेस्ट मैच के दौरान लाइव प्रसारण में एक ऐसा ब्लंडर देखने को मिला जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। ब्रॉडकास्टर्स की एक बड़ी गलती की वजह से पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में भारतीय खिलाड़ियों के नाम दिखने लगे।
शुक्रवार (8 मई) से ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेले जा रहे बांग्लादेश और पाकिस्तान के पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शनिवार (9 मई) को एक बेहद अजीब वाकया देखने को मिला। लाइव मैच के दौरान ब्रॉडकास्टर्स से ऐसी गलती हो गई, जिसने कुछ पल के लिए फैंस को भी हैरान कर दिया।
दरअसल, मैच के दौरान टीवी स्क्रीन पर पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन दिखाने के लिए एक ग्राफिक चलाया गया, लेकिन उसमें पाकिस्तानी खिलाड़ियों की जगह भारतीय क्रिकेटर्स के नाम दिखाई देने लगे।
सबसे हैरानी वाली बात यह रही कि स्क्रीन पर रोहित शर्मा, शुभमन गिल और रिंकू सिंह जैसे भारतीय खिलाड़ियों के नाम पाकिस्तान की टीम में नजर आए। इतना ही नहीं, ग्राफिक में तिलक वर्मा, शिवम दुबे, जितेश शर्मा, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह और मुकेश कुमार के नाम भी शामिल थे।
VIDEO:
यह ब्लंडर जैसे ही लाइव टीवी पर दिखा, फैंस ने तुरंत उसके स्क्रीनशॉट और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करने शुरू कर दिए। कुछ ही मिनटों में यह मामला इंटरनेट पर वायरल हो गया और क्रिकेट फैंस ने इस पर जमकर मजेदार रिएक्शन दिए। भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट की राइवलरी हमेशा चर्चा में रहती है, ऐसे में पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में भारतीय खिलाड़ियों के नाम दिखना फैंस के लिए किसी मजाक से कम नहीं था।
अगर मैच की बात करें तो बांग्लादेश ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 413 रन बनाए। टीम के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने 130 गेंदों में 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि मोमिनुल हक (91) और मुश्फिकुर रहीम (71 रन) ने भी अहम योगदान दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी अच्छी शुरुआत की है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक टीम ने 1 विकेट पर 179 रन बना लिए थे। अजान अवैस 133 गेंदों में 85 रन और अब्दुल्लाह फजल 78 गेंदों 37 रन बनाकर नाबाद लौटे।