ENG vs PAK Test: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच जारी तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 9 सितंबर से एजबेस्टन क्रिकेट मैदान पर खेला जाएगा। शुरुआती दोनों टेस्ट गंवाने के बाद पाकिस्तान सीरीज में 0-2 से पिछड़ते हुए इसे पहले ही गंवा चुका है। ऐसे में रिपोर्ट्स के मुताबिक लॉर्ड्स टेस्ट में मिली 194 रन की बड़ी हार के बाद टीम मैनेजमेंट तीसरे मुकाबले से पहले अपने स्क्वाड में बड़े बदलाव करने पर विचार कर रहा है।
जी हां, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान (Mohammad Rizwan) और सलामी बल्लेबाज इमाम-उल-हक (Imam-ul-Haq) को टीम से रिलीज कर वापस पाकिस्तान भेजे जाने की संभावना है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी PCB की ओर से अभी तक इन बदलावों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि करीब छह खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने की तैयारी है। इनमें सैम अयूब (Saim Ayub), अराफात मिन्हास (Arafat Minhas) और अब्दुल्ला फैसल (Abdullah Fazal) जैसे खिलाड़ियों के नाम सामने आए हैं।
मोहम्मद रिजवान का प्रदर्शन इस सीरीज के दोनों टेस्ट मैचों में बेहद खराब रहा है। हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट की पहली पारी में उन्होंने 12 रन बनाए थे, जबकि दूसरी पारी में उनके बल्ले से 41 रन निकले थे। इसके बाद लॉर्ड्स टेस्ट में रिजवान का प्रदर्शन और भी खराब रहा। उन्होंने पहली पारी में सिर्फ 7 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में वह महज 1 रन बनाकर आउट हो गए। इस तरह दो टेस्ट की चार पारियों में रिजवान के नाम कुल 61 रन हैं।
वहीं इमाम-उल-हक का मामला थोड़ा अलग है। लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन फील्डिंग के दौरान उनकी बाईं पिंडली में खिंचाव आ गया था। चोट के कारण वह मुकाबले की दोनों पारियों में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके। इसी वजह से तीसरे टेस्ट से पहले उन्हें भी टीम से रिलीज किया जा सकता है।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऐसे में पाकिस्तान के लिए तीसरा टेस्ट अब सीरीज में सम्मान बचाने का आखिरी मौका होगा। हालांकि टीम में बदलाव को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह साफ नहीं है। PCB की आधिकारिक घोषणा के बाद ही पता चलेगा कि क्या वाकई रिजवान और इमाम समेत कुछ खिलाड़ियों को स्क्वाड से बाहर कर युवा चेहरों को मौका देने की तैयारी की जा रही है।