टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबले के दैरान दर्द से जूझ रहे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के लिए मोहम्मद सिराज ने जो किया, उसने हर क्रिकेट फैन का दिल जीत लिया। यह खूबसूरत खेल भावना का नज़ारा देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और सिराज की जमकर तारीफ भी होने लगी।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 27वां मुकाबला रविवार (15 फरवरी) को भारत और पाकिस्तान के बीच आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो में खेला गया। भारतीय पारी के दौरान एक भावुक कर देने वाला पल देखने को मिला, जब भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने असहज दिख रहे ईशान किशन के लिए मैदान पर शानदार खेल भावना दिखाई।
दरअसल, पारी के आठवें ओवर के दौरान ईशान किशन ने शादाब खान की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की, लेकिन गिरते समय उनका घुटना ज़मीन से टकरा गया और वे असहज दिखे। फिजियो मैदान पर पहुंचे और उनका इलाज शुरू हुआ।
इस मैच में नहीं खेल रहे मोहम्मद सिराज ड्रिंक्स लेकर मैदान पर आए। उसी समय फिजियो ईशान किशन की स्ट्रेचिंग कर रहे थे और उनका सिर ज़मीन पर टिका हुआ था। यह देखते ही सिराज ने तुरंत उनके सिर के नीचे तौलिया रख दिया, ताकि उन्हें ज़मीन की सख़्ती से राहत मिल सके। इतना ही नहीं, उन्होंने उनके चेहरे और बालों पर लगी मिट्टी भी बड़े प्यार से साफ की। यह खूबसूरत पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और फैंस ने इस जेस्चर की जमकर तारीफ की।
VIDEO:
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के लिए ईशान किशन ने तूफानी अंदाज़ में अर्धशतक जड़ा और 40 गेंदों में 77 रन की पारी खेली। इसके अलावा सूर्यकुमार याद (32), शिवम दुबे (27) ने भी अहम पारीयां खेली, जिसके चलते टीम ने 175 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
जवाब में पाकिस्तान शुरुआत से ही बिखर गई। हालांकि उस्मान खान ने कुछ देर संघर्ष करते हुए 34 गेंदों में 44 रन की पारी खेली, लेकिन इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज नहीं चल सका और टीम के 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके। नतीजन पाकिस्तान की पारी 114 रन पर ही सिमट गई और भारत ने 61 रन से ये मुकाबला अपने नाम कर लिया।