Namibia T20I Tri-Series 2026: नामीबिया में खेली जा रही टी20 ट्राई सीरीज के तीसरे मुकाबले में जिम्बाब्वे और नामीबिया के बीच आखिरी गेंद तक रोमांच देखने को मिला। हालांकि आखिरकार जिम्बाब्वे ने 5 रन से बाजी मार ली।
यह मुकाबला सोमवार (31 अगस्त) को विंडहोक के नामीबिया क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने पर जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 195 रन का स्कोर खड़ा कर दिया।
जिम्बाब्वे के लिए सलामी बल्लेबाज बेन करन और ब्रायन बेनेट ने पहले विकेट के लिए 64 रन की साझेदारी कर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। बेन करन ने 22 गेंदों में 38 रन बनाए, जबकि ब्रायन बेनेट ने 21 गेंदों में 32 रन की पारी खेली।
इसके बाद पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे रयान बर्ल ने 32 गेंदों में नाबाद 57 रन बनाए। उनका साथ ब्रैड इवांस ने भी बखूबी निभाया और उन्होंने 25 गेंदों में नाबाद 37 रन की अहम पारी खेली। बर्ल और इवांस ने सातवें विकेट के लिए 49 गेंदों में नाबाद 94 रन की शानदार साझेदारी की, जिसकी बदौलत जिम्बाब्वे इस स्कोर तक पहुंचने में कायम रहा।
नामीबिया के लिए कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने गेंदबाजी में तीन विकेट हासिल किए। जेजे स्मिट, रूबेन ट्रम्पेलमैन, बर्नार्ड स्कोल्ट्ज और मैक्स हाइंगो को एक-एक विकेट मिला।
196 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया के सलामी बल्लेबाज लॉरेन स्टीनकैंप 6 और कप्तान गेरहार्ड इरास्मस 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद जान फ्राइलिंक ने 22 और निकोल लॉफ्टी-ईटन 20 रन बनाकर आउट हुए। नामीबिया की स्थिति इतनी खराब हो गई कि 11.1 ओवर में टीम ने सिर्फ 76 रन के स्कोर पर अपने 6 विकेट गंवा दिए। यहां से जेन ग्रीन और अलेक्जेंडर वोल्शेंक ने पूरी कहानी बदल दी।
दोनों ने सातवें विकेट के लिए सिर्फ 51 गेंदों में 110 रन की शानदार साझेदारी कर नामीबिया को मुकाबले में वापस ला दिया। जेन ग्रीन ने 26 गेंदों में 54 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि अलेक्जेंडर वोल्शेंक ने 29 गेंदों में 56 रन बनाए।
आखिरी ओवर में नामीबिया को जीत के लिए 16 रन की जरूरत थी। हालांकि टीम 190 रन तक ही पहुंच सकी और जिम्बाब्वे ने यह रोमांचक मुकाबला 5 रन से अपने नाम कर लिया।
जिम्बाब्वे की ओर से ब्रैड इवांस ने गेंद से भी कमाल किया और तीन विकेट अपने नाम किए। ब्रायन बेनेट ने दो विकेट हासिल किए, जबकि सिकंदर रजा, ब्लेसिंग मुजारबानी और वेस्ली मधावेरे को एक-एक सफलता मिली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ ट्राई सीरीज की अंकतालिका और भी रोमांचक हो गई है। अब तीनों टीमों के दो-दो अंक हैं। बेहतर नेट रनरेट के हिसाब से साउथ अफ्रीका पहले, नामीबिया दूसरे और जिम्बाब्वे तीसरे स्थान पर है।