IND vs SL 2nd Test, Day 2: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है। मैच के दूसरे दिन सोमवार (24 अगस्त) को भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 503 रन बनाकर घोषित कर दी। इसके बाद श्रीलंका की पहली पारी शुरू हुई, लेकिन मेजबान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही।
भारत ने दूसरे दिन 300 रन पर 5 विकेट के स्कोर से अपनी पारी को आगे बढ़ाते हुए शानदार बल्लेबाजी जारी रखी। पहले दिन नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे देवदत्त पडिक्कल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतक लगाया था और 193 गेंदों में 117 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके शामिल रहे।
पडिक्कल के बाद आज दूसरे दिन ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभला। नंबर सात पर बल्लेबाजी करने आए जुरेल ने भी शानदार अंदाज में शतक पूरा किया और 117 गेंदों में नाबाद 115 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा भारत की इस पारी में ऋषभ पंत ने भी उपयोगी पारी खेली। पंत ने 89 गेंदों का सामना करते हुए 63 रन बनाए। इससे पहले कप्तान शुभमन गिल ने 108 गेंदों में 50 रन की पारी खेली, जबकि यशस्वी जायसवाल ने 53 गेंदों में 45 रन का योगदान दिया।
रविंद्र जडेजा ने भी 83 गेंदों में अहम 43 रन जोड़े थे। इन पारियों की बदौलत भारत ने 138 ओवर में 9 विकेट खोकर 503 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया और अपनी पारी समाप्त की।
श्रीलंका के लिए गेंदबाजी में असिथा फर्नांडो ने चार विकेट लिए। इसके अलावा कुशारा नुवानथा और प्रभात जयसूर्या को दो-दो विकेट मिले, जबकि लाहिरू कुमारा के हाथ 1 सफलता लगी।
इसके बाद दिन के आखिरी हिस्से में श्रीलंका अपनी पहली पारी की बल्लेबाजी के लिए उतरा। मेजबान टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और महज 8 रन के स्कोर पर उसके दो बल्लेबाज पवेलियन लौट गए।
लाहिरु उदारा सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए, जबकि पसिंदु सूरियाबंडारा भी 2 रन ही बना सके। भारत के लिए प्रसिद्ध कृष्णा और मानव सुथार ने एक-एक विकेट हासिल किया।