Women's Big Bash League 2026: क्रिकेट के मैदान पर बल्लेबाज अक्सर अपने शॉट्स से फैंस को हैरान कर देते हैं। खासकर टी20 क्रिकेट में नो लुक शॉट का अपना अलग ही रोमांच होता है। हालांकि, हर बार ऐसे शॉट बल्लेबाज के इरादे के मुताबिक बाउंड्री तक नहीं पहुंचते। वुमेंस बिग बैश लीग 2026 के 18वें लीग स्टेज मुकाबले में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला, जब ऑस्ट्रेलिया की युवा बल्लेबाज फीबी लिचफील्ड (Phoebe Litchfield) ने नो लुक शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन पर्थ स्कॉर्चर्स की फ्रेया कम्प (Freya Kemp) ने शानदार कैच पकड़कर उनकी पारी का अंत कर दिया।
बुधवार (11 नवंबर) को पर्थ के वाका क्रिकेट मैदान पर पर्थ स्कॉर्चर्स और सिडनी थंडर की टीमें आमने-सामने थीं। इस मुकाबले में सिडनी थंडर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गईं। इसके बाद दूसरी सलामी बल्लेबाज फीबी लिचफील्ड भी ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सकीं।
पारी के चौथे ओवर की पांचवीं गेंद पर पाकिस्तान की कप्तान और ऑलराउंडर फातिमा सना ने मिडिल स्टंप की लाइन पर फुल लेंथ गेंद डाली। इस पर लिचफील्ड ने लुक शॉट खेलने की कोशिश की। हालांकि, गेंद ठीक से टाइम नहीं हुई और मिड ऑफ की दिशा में हवा में चली गई।
VIDEO:
वहां फील्डिंग कर रही फ्रेया कम्प ने तुरंत गेंद की दिशा को भांपा और पीछे की तरफ दौड़ लगा दी। उन्होंने सही समय पर खुद को गेंद के नीचे पहुंचाया और शानदार तरीके से कैच लपक लिया। इस तरह लिचफील्ड का नो लुक शॉट खेलने का प्रयास उन्हीं पर भारी पड़ गया। वह 14 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुईं।
पर्थ स्कॉर्चर्स ने 4 विकेट से जीता मुकाबला
मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए सिडनी थंडर ने निर्धारित 20 ओवर में 159 रन बनाए। टीम की तरफ से हीथर नाइट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 71 रन की पारी खेली। उनके अलावा अनिका लेरॉयड ने भी 44 गेंदों में 53 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पर्थ स्कॉर्चर्स की टीम ने 18.3 ओवर में 6 विकेट खोकर इसे हासिल कर लिया और मुकाबला 4 विकेट से अपने नाम कर लिया। पर्थ के लिए कप्तान सोफी डिवाइन ने 32 गेंदों में 37 रन बनाए, जबकि कैटी मैक ने 27 गेंदों में 31 रन का योगदान दिया। वहीं मिकायला हिंकले ने सिर्फ 16 गेंदों में 24 रन की अहम पारी खेलकर टीम की जीत में भूमिका निभाई।