रांची, 19 मार्च (CRICKETNMORE)| चेतेश्वर पुजारा (नाबाद 164) और रिद्धिमान साहा (नाबाद 59) के बीच बेहतरीन साझेदारी के दम पर भारत ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार को भोजनकाल तक अपनी पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छह विकेट के नुकसान पर 435 रन बना लिए हैं। भारत हालांकि ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के विशाल स्कोर 451 रनों के मुकाबले उससे महज 16 रन पीछे है।

Advertisement

पुजारा और साहा के बीच अभी तक सातवें विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी हो चुकी है। पुजारा ने इससे पहले मुरली विजय (82) के साथ दूसरे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी भी की थी। इन्हीं दो साझेदारियों के दम पर भारत, ऑस्ट्रेलिया के बड़े स्कोर का मजबूत जवाब देने में अभी तक सफल रहा है।

Advertisement

साहा-पुजारा की जोड़ी ने तीसरे दिन शनिवार को आखिरी सत्र में मैदान पर कदम रखा था। भारत ने तीसरे दिन की समाप्ति छह विकेट के नुकसान पर 360 रनों पर की थी। उसी स्कोर से आगे खेलने उतरी मेजबान टीम को चौथे दिन साहा और पुजारा ने और मजबूती प्रदान की। 

ऑस्ट्रेलिया इस कोशिश में था कि वह पहले सत्र में भारत के बाकी चार विकेट जल्दी चटका देगा, लेकिन साहा और पुजारा ने उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने दिया। इस जोड़ी ने चौथे दिन के पहले सत्र में 75 रन जोड़े। 

हालांकि दिन के दूसरे ओवर की पहली गेंद पर अंपायर ने साहा को पगबाधा करार दे दिया था, लेकिन साहा द्वारा रिव्यू लेने के बाद उन्हें अपना फैसला बदलना पड़ा। 

Advertisement

पुजारा को भी एक जीवनदान मिला। 150वें ओवर में स्टीव ओकीफ की गेंद ने पुजारा के बल्ले का बाहरी किनारा लिया, लेकिन विकेटकीपर मैथ्यू वेड उसे पकड़ नहीं पाए और गेंद वेड के पैड से टकरा कर चली गई। इससे पहले 149वें ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर पुजारा ने अपने 150 रन पूरे किए। वह पांचवीं बार 150 का आंकड़ा छूने में सफल हुए हैं। 

साहा ने 154वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। ऑस्ट्रेलिया के लिए इस मैच में पुजारा शुरू से ही सबसे बड़ी चुनौती साबित हुए हैं। अब साहा का साथ पुजारा को मिलने से ऑस्ट्रेलिया की परेशानी और बढ़ गई है।

पुजारा ने अभी तक अपनी पारी में 434 गेंदें खेली हैं और 18 बार गेंद को सीमारेखा के पार पहुंचाया है। साहा ने अभी तक 122 गेंदों का सामना किया है। वह चार चौके और एक छक्का लगा चुके हैं।

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस ने अभी तक चार विकेट लिए हैं। जोस हाजलेवुड और ओकीफ एक-एक विकेट लेने में सफल रहे हैं। 

साहा, विजय के अलावा सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने भी 67 रनों का पारी खेली थी। वह मैच के दूसरे दिन ही पवेलियन लौट गए थे। तीसरे दिन भारत ने विजय, विराट कोहली (6), अजिंक्य रहाणे (14), करुण नायर (23), रविचंद्रन अश्विन (3) के महत्वपूर्ण विकेट गंवाए थे।

Advertisement

PHOTO: BCCI

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार