आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले राजस्थान रॉयल्स के कैंप में नया जोश देखने को मिल रहा है। टीम के नए खिलाड़ी रविंद्र जडेजा ने अपने पहले ट्रेनिंग सेशन में ही बड़े-बड़े शॉट लगाकर सभी का ध्यान खींच लिया। रॉयल्स ने जडेजा के नेट्स प्रैक्टिस का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होने जा रही है और सभी 10 टीमें इस बार खिताब जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकने को तैयार हैं। फैंस खास तौर पर आईपीएल की पहली चैंपियन टीम राजस्थान रॉयल्स के अभियान का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि इस सीजन भारतीय स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा भी रॉयल्स की जर्सी में खेलते नजर आएंगे।
दरअसल राजस्थान रॉयल्स ने रविंद्र जडेजा और सैम करन को चेन्नई सुपर किंग्स के साथ हुए एक ट्रेड डील के जरिए अपनी टीम में शामिल किया है। इस डील के तहत राजस्थान ने अपने कप्तान संजू सैमसन को पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ ट्रेड किया था।
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले राजस्थान रॉयल्स ने गुरुवार (12 मार्च) को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जडेजा के पहले ट्रेनिंग सेशन का वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में जडेजा नेट्स में बल्लेबाजी करते हुए बड़े-बड़े शॉट लगाते नजर आ रहे हैं, जिसे देखकर फैंस काफी उत्साहित हो गए हैं। वीडियो में जडेजा ने कहा, "राजस्थान रॉयल्स कैंप में मेरा पहला दिन है और मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। काफी समय बाद आज कुछ शॉट लगाए हैं और अभी ऐसे कई शॉट देखने को मिलेंगे।"
VIDEO:
Now watching: Jadeja’s first training session back as a Royal pic.twitter.com/GoVpBUpDCp
Rajasthan Royals (rajasthanroyals) March 12, 2026
राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 में अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ करेगी। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला गुवाहाटी में खेला जाएगा, जो राजस्थान रॉयल्स का घरेलू मैदान भी है।
यह मैच इसलिए भी काफी दिलचस्प होने वाला है क्योंकि एक तरफ रविंद्र जडेजा अपनी पूर्व टीम चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ खेलेंगे, वहीं दूसरी तरफ चेन्नई की टीम में अब संजू सैमसन नजर आएंगे। ऐसे में दोनों टीमें नए सीजन की शुरुआत जीत के साथ करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
अगर पिछले सीजन की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल 2025 बिल्कुल भी अच्छा नहीं रहा था। टीम ने 14 मैचों में सिर्फ 4 मुकाबले जीते थे और अंकतालिका में दूसरे आखिरी स्थान पर अपना अभियान खत्म किया था। ऐसे में इस बार कुछ बड़े बदलावों के साथ राजस्थान रॉयल्स दमदार वापसी करने की कोशिश करेगी।