28 मार्च से आईपीएल 2026 का आगाज हो चुका है और इसी बीच एक बड़ा विवाद सामने आया है। RCB के लिए खेल रहे श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा ने टूर्नामेंट में खेलने के लिए अपने क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक NOC नहीं मिलने की वजह से तुषारा ने यह कानूनी कदम उठाया है।
आईपीएल 2026 के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेल रहे श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। श्रीलंका के इस खिलाड़ी ने IPL खेलने के लिए अपने ही क्रिकेट बोर्ड के खिलाफ कोर्ट का रुख किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तुषारा ने कोलंबो जिला अदालत में याचिका दायर की है, जिसमें उन्होंने श्रीलंका क्रिकेट (SLC) से NOC (नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट) जारी करने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि श्रीलंका क्रिकेट ने उनकी फिटनेस को कारण बताते हुए NOC देने से इनकार कर दिया। हालांकि तुषारा का कहना है कि उनकी फिटनेस पहले जैसी ही है और इसी स्तर की फिटनेस पर उन्हें पहले भी NOC मिल चुका है। वहीं तुषारा ने यह भी दावा किया कि उन्होंने पहले ही बोर्ड को बता दिया था कि वह अपना कॉन्ट्रैक्ट रिन्यू नहीं करेंगे, जो 31 मार्च को खत्म हो चुका है, और वह इंटरनेशनल क्रिकेट से दूरी बनाने का फैसला कर चुके हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें IPL खेलने की अनुमति नहीं मिलती है, तो उन्हें बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता है, क्योंकि उनकी जगह RCB किसी दूसरे खिलाड़ी को शामिल कर सकती है। 31 वर्षीय तुषारा को IPL 2025 मेगा ऑक्शन में RCB ने 1.6 करोड़ रुपये में खरीदा था और इस सीजन के लिए रिटेन भी किया था। उन्होंने अब तक 8 IPL मैचों में 9 विकेट लिए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले की सुनवाई 9 अप्रैल को होनी है, जिस पर सभी की नजरें बनी रहेंगी। वहीं RCB ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की है और पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था। अब टीम का अगला मुकाबला 5 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होगा।