Sai Sudharsan Fitness Update: श्रीलंका के खिलाफ आगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक युवा बल्लेबाज साईं सुदर्शन तेजी से फिटनेस हासिल कर रहे हैं और उन्होंने बेंगलुरु स्थित BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में बल्लेबाजी अभ्यास शुरू कर दिया है।
साईं सुदर्शन को श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में जगह तो मिली थी, लेकिन उनका चयन फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर था। वह पिछले कुछ समय से पैर के अंगूठे (बिग टो) की हल्की चोट से उबर रहे थे और इसी वजह से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब कर रहे हैं।
हालांकि BCCI ने उनकी चोट की आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है, लेकिन क्रिकबज की रिपोर्ट्स के मुताबिक यह गंभीर इतनी चोट नहीं है और उन्होंने बल्लेबाजी का अभ्यास शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो उन्हें टीम के श्रीलंका रवाना होने से पहले पूरी तरह फिट घोषित किया जा सकता है।
साईं सुदर्शन ने हाल ही में भारत ए टीम के साथ श्रीलंका दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया था। जून और जुलाई में खेले गए मुकाबलों में उन्होंने चार पारियों में 166 की बेहतरीन औसत से 332 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से दो शानदार शतक भी निकले। खास बात यह रही कि दोनों मुकाबले गाले में खेले गए थे, जहां भारत को पहला टेस्ट भी खेलना है। ऐसे में वहां की परिस्थितियों का अनुभव सुदर्शन के काफी काम आ सकता है।
इसके अलावा इस रिपोर्ट के मुताबिक श्रीलंका रवाना होने के बाद भारतीय टीम का अभ्यास मैच अब पहले से छोटा कर दिया गया है। पहले यह मुकाबला चार दिनों का होना था, लेकिन अब इसे तीन दिन का कर दिया गया है। यह मैच 7 से 9 अगस्त के बीच कोलंबो के NCC ग्राउंड पर स्थानीय इलेवन के खिलाफ खेला जाएगा।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारतीय टीम 4 अगस्त को कोलंबो के लिए रवाना होगी। अभ्यास मैच खत्म होने के बाद टीम गाले पहुंचेगी, जहां पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) मैदान पर खेला जाएगा।