Shafali Verma World Record: विमेंस एशियन गेम्स 2026 (Women's Asian Games 2026) का दूसरा सेमीफाइनल (IND-W vs BAN-W) निस्सिन के कोरोना स्पोर्ट्स पार्क स्टेडियम में खेला गया था जहां टीम इंडिया ने 195 रन डिफेंड करके बांग्लादेश को 114 रनों से मात दी। गौरतलब है कि इस मुकाबले की स्टार प्लेयर शेफाली वर्मा (Shafali Verma) रहीं, जिन्होंने महज़ 49 गेंदों पर 3 चौके 9 छक्के लगाकर नाबाद 100 रन बनाए।
शेफाली वर्मा ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड: टीम इंडिया की 22 साल की सलामी बल्लेबाज़ शेफाली वर्मा ने निस्सिन के मैदान पर बांग्लादेशी गेंदबाज़ों की जमकर कुटाई की और अपनी पारी में 9 छक्के लगाकर एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। दरअसल, उन्होंने सेमीफाइनल मुकाबले में 9 छक्के ठोककर साल 2026 के कैलेंडर ईयर में अपने 35 T20I छक्के पूरे किए हैं।
खास बात ये है कि ऐसा करते हुए उन्होंने श्रीलंकाई दिग्गज चमारी अट्टापट्टू को पछाड़ा है और वो विमेंस टी20 इंटरनेशनल के एक कैलेंडर ईयर में सर्वाधिक छक्के मारने वाली बल्लेबाज़ बन गईं। चमारी अट्टापट्टू ने साल 2024 के कैलेंडर ईयर में 32 टी20 इंटरनेशनल छक्के लगाए थे।
महिला T20I में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा छक्के
35 छक्के – शेफाली वर्मा, 2026
32 छक्के – चामरी अटापट्टू, 2024
25 छक्के – चामरी अटापट्टू, 2026
25 छक्के – हरमनप्रीत कौर, 2018
21 छक्के – सोफी डिवाइन, 2018
21 छक्के – सोफी डिवाइन, 2020
21 छक्के – फातिमा सना, 2026
डॉटिन-मैथ्यूज के रिकॉर्ड की बराबरी: शेफाली वर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइन मुकाबले में छक्कों की बारिश (9 छक्के) करके वेस्टइंडीज की दो दिग्गज क्रिकेटर डिएंड्रा डॉटिन और हेली मैथ्यूज के बेहद ही खास रिकॉर्ड की बराबरी की। इन दोनों महान खिलाड़ियों ने भी एक T20I पारी में 9 छक्के लगाने का कारनामा किया है। शेफाली भी इसी रिकॉर्ड लिस्ट में संयुक्त रूप से पहले पायदान पर पहुंच गई हैं।
महिला T20I की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के (फुल-मेंबर टीमों के खिलाफ)
- 9 छक्के – डियांड्रा डॉटिन (WI-W) बनाम साउथ अफ्रीका महिला टीम, बैसेटेरे, 2010
- 9 छक्के – हेली मैथ्यूज (WI-W) बनाम आयरलैंड महिला टीम, डबलिन, 2019
- 9 छक्के – शेफाली वर्मा (IND-W) बनाम बांग्लादेश महिला टीम, निस्शिन, 2026
- 8 छक्के – सोफी डिवाइन (NZ-W) बनाम भारत महिला टीम, बेंगलुरु, 2015
- 8 छक्के – हरमनप्रीत कौर (IND-W) बनाम न्यूजीलैंड महिला टीम, प्रोविडेंस, 2018
Also Read: LIVE Cricket Score
इतना ही नहीं, ये भी जान लीजिए कि टीम इंडिया की इस यंग सुपरस्टार ने साल 2026 में अपने 815 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे कर लिए हैं। इसी के साथ अब वो 2026 में विमेंस T20I में दूसरी सर्वाधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज़ बन गई हैं। इस रिकॉर्ड लिस्ट में उनसे ऊपर सिर्फ साउथ अफ्रीका की लौरा वोलवार्ड ही मौजूद हैं। उन्होंने 824 रन बनाए हैं।