मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए आईपीएल 2026 के मुकाबले के दौरान रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर के बीच हल्की-फुल्की नोकझोंक देखने को मिली। शार्दुल ठाकुर ने पहले रवींद्र जडेजा को आउट समझकर जोरदार सेलिब्रेशन किया, लेकिन नो बॉल ने पूरा खेल बदल दिया।
आईपीएल 2026 के 69वें मुकाबले में रविवार (24 मई) को मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। मैच में जहां राजस्थान ने शानदार जीत दर्ज कर प्लेऑफ का टिकट पक्का किया, वहीं पहली पारी के आखिरी ओवर में रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर के बीच हुई मजेदार नोकझोंक ने फैंस का खूब मनोरंजन किया।
राजस्थान रॉयल्स की टीम आखिरी ओवर में बड़े फिनिश की तलाश में थी और मुंबई इंडियंस के कप्तान ने गेंद शार्दुल ठाकुर को थमाई। दूसरी तरफ स्ट्राइक पर मौजूद थे राजस्थान के इम्पैक्ट प्लेयर रवींद्र जडेजा, जिन्हें 18वें ओवर में शुभम दुबे की जगह मैदान पर उतारा गया था।
ओवर की चौथी गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने धीमी और ऑफ स्टंप के बाहर गेंद फेंकी। जडेजा ने उस पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे कवर फील्डर के हाथों में चली गई। विकेट मिलते ही शार्दुल ठाकुर खुशी से झूम उठे और उन्होंने जडेजा की तरफ देखकर जोरदार सेलिब्रेशन भी कर दिया।
लेकिन अगले ही पल पूरा नजारा बदल गया। स्टेडियम में सायरन बजा और पता चला कि शार्दुल का पैर क्रीज से बाहर था। यानी यह नो बॉल थी और जडेजा आउट नहीं थे। इसके बाद रवींद्र जडेजा ने भी मजेदार अंदाज में पलटवार किया।
जडेजा ने अगले दो गेंदों पर लगातार दो शानदार चौके जड़ दिए और जोरदार तरीके से मुट्ठी भींची और चिल्लाते हुए शार्दुल को उसी अंदाज में जवाब दिया। जडेजा ने इस मुकाबले में सिर्फ 11 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाए, जिसमें तीन चौके शामिल रहे। उनकी इस पारी के चलेत टीम ने 200 रन का स्कोर पार करते हुए 205 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
जवाब में मुंबई इंडियंस के लिए सूर्यकुमार यादव ने जरुर 42 गेंदों में 60 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन टीम 175 रन तक ही पहुंच सकी और राजस्थान ने मुकाबला 30 रन से जीत लिया। इस जीत के साथ राजस्थान रॉयल्स आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी और आखिरी टीम बन गई।