भारतीय टीम ने वेलिंगटन टेस्ट (NZ vs IND 1st Test) के लिए मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) को प्लेइंग इलेवन में नहीं चुना। फैंस के मन में ये सवाल है कि मोहम्मद सिराज को कॉम्बिनेशन में जगह क्यों नहीं मिली? अगर आप भी इसका जवाब जानना चाहते हैं तो बता दें कि खुद भारतीय बैटिंग कोच सितांशु कोटक (Sitanshu Kotak) ने Team India के इस फैसले के पीछे की वज़ह बताई है।
सितांशु कोटक ने टीम मैनजमेंट के फैसले का बचाव किया है। उन्होंने पहले दिन के खेल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के जवाब देते हुए टीम की बात रखी। वो बोले, "सिराज के साथ कोई समस्या नहीं है। टीम चुनते समय हमें लगा कि यह बेस्ट XI है। मुझे नहीं लगता कि सिराज को बाहर रखना गलत फैसला था। यह सिर्फ पहला दिन है। हम टीम का चयन केवल पहले दिन के लिए नहीं, बल्कि दूसरे, तीसरे और चौथे दिन को ध्यान में रखकर भी करते हैं।"
उन्होंने रविंद्र जडेजा के ऊपर वाशिंगटन सुंदर के सेलेक्शन पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "हमने वाशिंगटन को चुना है, क्योंकि न्यूजीलैंड के शीर्ष क्रम में चार बाएं हाथ के बल्लेबाज़ हैं। इस मुकाबले के लिए हमने सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज़ी आक्रमण खिलाया है।" गौरतलब है कि वेलिंगटन टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग XI में पांच गेंदबाज़ रखे गए हैं। इनमें जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा, अंशुल कंबोज, आकाश दीप और वाशिंगटन सुंदर शामिल हैं। इनमें से चार तेज गेंदबाज़ हैं, जिसका चयन न्यूजीलैंड की हरी पिचों को ध्यान में रखकर किया गया है।
मैच का हाल: वेलिंगटन टेस्ट का पहला दिन मेजबान न्यूजीलैंड के नाम रहा। उन्हें पहले बैटिंग करने का न्योता मिला था और उन्होने एक समय 70 रन पर ही अपने 5 विकेट खो दिए थे। हालांकि इसके बाद हेनरी निकोल्स और ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने न्यूजीलैंड की गेम में वापसी कराई। निकोल्स ने 221 गेंदों पर नाबाद 113 रन ठोके। वहीं ग्लेन फिलिप्स ने 182 गेंद खेलकर नाबाद 94 रन बनाए। तो ऐसे न्यूजलैंड ने दिन के खेल पूरे 82 ओवर खेले और 5 विकेट खोकर 243 रन स्कोर बोर्ड पर टांगे।
ऐसी है दोनों टीमें
भारत (प्लेइंग XI): केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।
Also Read: LIVE Cricket Score
न्यूजीलैंड (प्लेइंग XI): टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रविंद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी।