Sophie Devine Record: आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC Women's T20 World Cup 2026) का 28वां मुकाबला बीते शनिवार, 27 जून को लंदन के केनिंग्टन ओवल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था जहां न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम (New Zealand Women's Team) की दिग्गज ऑलराउंडर सोफी डिवाइन (Sophie Devine) ने इंग्लैंड के सामने 14 गेंदों पर 1 चौका और 3 छक्के लगाकर 30 रनों की पारी खेली। गौरतलब है कि इसी के साथ उन्होंने डिएंड्रा डॉटिन (Deandra Dottin) के एक महारिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।
दरअसल, 36 वर्षीय सोफी डिवाइन अब महिला टी20 इंटरनेशनल में डिएंड्रा डॉटिन की बराबरी करके सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाले खिलाड़ी बन गईं हैं। उन्होंने अपनी 154वीं पारी में 134 छक्के पूरे करके ये कारनामा किया है। बात करें अगर वेस्टइंडीज की महान ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन की तो उन्होंने 149 पारी में 134 छक्के लगाए हैं।
विमेंस टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक छक्के
134 - सोफी डिवाइन (154 पारी)
134 - डिएंड्रा डॉटिन (149 पारी)
102 - चमारी अट्टापट्टू (159 पारी)
88 - स्मृति मंधाना (164 पारी)
86 - हरमनप्रीत कौर (180 पारी)
बात करें अगर न्यूजीलैंड-इंग्लैंड के टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले की तो केनिंग्टन ओवल में न्यूजीलैंड ने पहले बैटिंग करके अपनी इनिंग के 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 163 रन बनाए थे। इसके जवाब में इंग्लैंड के लिए डैनी वैट ने 53 गेंदों पर नॉट आउट 89 रन ठोके और सोफी डंकले ने 38 गेंदों पर नाबाद 49 रन ठोके। इन्हीं के दम पर मेजबान टीम ने 17.2 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर 164 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 9 विकेट से जीत दर्ज की।
Also Read: LIVE Cricket Score
ध्यान दें कि ये ग्रुप-बी का आखिरी मुकाबला था जिसे हारने के बाद डिफेंडिंग चैंपियन न्यूजीलैंड टूर्नामेंट से एलिमिनेट हो गईं है। ग्रुप-बी से इंग्लैंड और वेस्टइंडीज ने सेफीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया है।