IPL की सबसे सफल फ्रेंचाइजी में से एक चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) को बड़ा झटका लगा है। दरअसल, CSK को पांच बार चैंपियन का टाइटल जितवाने वाले दिग्गज हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग (Stephen Fleming) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वो चेन्नई के साथ कुल 18 साल (एक साल खिलाड़ी के तौर पर और 17 साल हेड कोच के तौर पर) रहे।
चेन्नई सुपर किंग्स ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से एक ट्वीट साझा करके फैंस को इस खबर की जानकारी दी है। उन्होंने स्टीफन फ्लेमिंग की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "सुपर किंग्स और हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने आपसी सहमति से अलग होने का फ़ैसला किया है। हमने साथ मिलकर IPL के इतिहास की सबसे सफल और लंबे समय तक चलने वाली साझेदारियों में से एक को साझा किया है। आपने (स्टीफन फ्लेमिंग) जो विरासत बनाई है, वह हमें प्रेरित करती रहेगी। बेहद सम्मान और आभार के साथ, धन्यवाद, स्टीफन।"
स्टीफन फ्लेमिंग बोले, "खेल की दुनिया में 18 साल बहुत लंबा समय होता है और मैं यहां से सिर्फ आभार के साथ विदा ले रहा हूं। चेन्नई सुपर किंग्स के साथ बिताया गया मेरा समय मेरे कोचिंग करियर का सबसे बड़ा सम्मान रहा है। हमने जो कुछ भी हासिल किया है, उस पर मुझे बेहद गर्व है। हमने साथ मिलकर कई यादगार जीत का जश्न मनाया, मुश्किल दौर का सामना किया और ऐसी यादें बनाई जो हमेशा मेरे साथ रहेंगी। CSK हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा और आने वाले वर्षों में भी मैं इस टीम का समर्थन करता रहूंगा।"
याद दिला दें कि स्टीफन फ्लेमिंग साल 2008 के IPL में एक खिलाड़ी के तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़े थे और फिर साल 2009 में उन्हें टीम के हेड कोच पद की जिम्मेदारी दे दी गई। ये एक ऐतिहासिक फैसला था जिसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने फ्लेमिंग की कोचिंग में 5 IPL खिताब और 2 चैंपियन लीग टी20 ट्रॉफी जीती। इतना ही नहीं, इस बीच CSK ने रिकॉर्ड 12 बार IPL प्लेऑफ में अपनी जगह बनाई और वो 10 बार टूर्नामेंट का फाइनल खेलें।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि अब स्टीफन फ्लेमिंग और चेन्नई सुपर किंग्स की 18 साल पुरानी साझेदारी समाप्त हो गई है। तो ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि आगामी IPL सीजन में CSK के हेड कोच की जिम्मेदारी किसे सौंपी जाती है।