SUL vs MO, The Hundred 2026: द हंद्रेड 2026 का 10वां मुकाबला बीते मंगलवार, 28 जुलाई को लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था जहां सनराइजर्स लीड्स (Sunrisers Leeds) ने 182 रनों का टारगेट हासिल करके मैनचेस्टर सुपर जायंट्स (Manchester Super Giants) को 8 विकेट से मात दी। इस मुकाबले के हीरो मिचेल मार्श (Mitchell Marsh) और जैक क्रॉली (Zak Crawley) रहे जिन्होंने सनराइजर्स लीड्स के लिए अर्धशतकीय पारी खेली।
इस मुकाबले में SUL ने ही टॉस जीतकर MSG को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी पारी की 100 गेंदों पर 3 विकेट कोकर 181 रन बनाए। मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए जोस बटलर ने 33 गेंदों पर 5 चौके 4 छक्के लगाकर नाबाद 63 रन ठोके, वहीं हेनरिक क्लासेन ने भी 27 गेंदों पर 5 चौके 3 छक्के ठोककर 53 रनों की पारी खेली।
बात करें अगर सनराइजर्स लीड्स के गेंदबाज़ों की तो नाथन एलिस ने 20 गेंदों पर 32 रन देकर 2 विकेट झटके, वहीं ब्रायडेन कार्स ने 20 गेंदों पर 47 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। टीम के लिए अबरार अहमद, मैथ्यू पॉट्स, डेन लॉरैंस और मैथ्यू रेविस ने भी गेंदबाज़ी की, लेकिन उनमें से किसी को भी सफलता नहीं मिली।
यहां से अब SUL के सामने जीत हासिल करने के लिए 182 रनों का लक्ष्य था जिसका पीछा करते हुए सलामी बल्लेबाज़ मिचेल मार्श ने एक छोर संभाला और 26 गेंदों पर तूफानी अंदाज में 6 चौके 5 छक्के लगाकर 63 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। उनके लिए कप्तान जैक क्रॉली ने भी 34 गेंदों पर 5 चौके 3 छक्के ठोककर नाबाद 56 रन बनाए, वहीं हैरी ब्रूक ने भी महज़ 17 गेंदों पर 6 छक्के जड़ते हुए नाबाद 42 रन ठोक दिए।
तो ऐसे सनराइजर्स लीड्स ने 88 गेंदों पर लक्ष्य हासिल किया और 8 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। बताते चलें कि मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के लिए सिर्फ सोनी बेकर और जोश टंग ही एक-एक विकेट ले पाए। मिचेल मार्श को उनकी शानदार बल्लेबाज़ी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
Also Read: LIVE Cricket Score
बात करें अगर पॉइंट्स टेबल की तो MSG को टूर्नामेंट में पहली हार मिली है, लेकिन वो अभी भी टॉप पर मौजूद हैं। उनके नाम 3 मैचों में 2 जीत के साथ 8 अंक दर्ज है। दूसरी तरफ सनराइजर्स लीड्स चौथे पायदान पर हैं। उन्होंने भी 3 मैचों में 2 जीत हासिल करके 8 अंक प्राप्त कर लिए हैं। टॉप-4 में वेल्श फायर और एमआई लंदन ने भी जगह बना रखी है।