Usama Mir Record: पाकिस्तान में नेशनल टी20 कप (National T20 Cup) टूर्नामेंट खेला जा रहा है जहां बीते गुरुवार, 12 मार्च को सियालकोट के कैप्टन उसामा मीर (Usama Mir) ने लाहौर रीजन ब्लूज के खिलाफ गेंदबाज़ी करते हुए अपनी गेंदबाज़ी से धमाल ही मचा दिया और इतिहास रचा। गौरतलब है कि उन्होंने सोहेल तनवीर (Sohail Tanvir) का 18 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है।
जी हां, ऐसा ही हुआ। सबसे पहले ये जान लीजिए कि इस मुकाबले में 30 साल के उसामा मीर ने 3.2 ओवर गेंदबाज़ी की और विपक्षी टीम लाहौर रीजन ब्लूज को सिर्फ 8 रन देकर उनके 6 विकेट चटका दिए। खास बात ये है कि इसी के साथ अब उसामा मीर बतौर पाकिस्तानी एक टी20 मुकाबले में सबसे बेहतरीन स्पेल डालने वाले गेंदबाज़ बन गए हैं।
उसामा मीर ने अपने सुपर सीनियर खिलाड़ी सोहेल तनवीर का महारिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने साल 2008 में आईपीएल टूर्नामेंट में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने कोटे के 4 ओवर में सिर्फ 14 रन देकर 6 विकेट झटके थे।
गौरतलब है कि उसामा मीर पाकिस्तान के लिए इंटरनेशनल लेवल पर भी खेल चुके हैं। उन्होंने अब तक अपने देश 12 वनडे मैचों में 15 विकेट निकाले हैं, वहीं उन्होंने 5 टी20 इंटरनेशनल में इतने ही विकेट झटके हैं। इसके अलावा उनके पास कुल 165 टी20 मैचों का अनुभव है जिसमें उनके नाम 189 विकेट दर्ज हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऐसा रहा मैच का हाल: नेशनल टी20 कप के 11वें मुकाबले में लाहौर रीजन ब्लूज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी थी जिसके बाद सियालकोट की टीम ने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 210 रन बनाए। उनके लिए अब्दुल्ला शफीक ने सर्वाधिक रन जोड़े और 31 गेंदों पर 57 रनों की पारी खेली। इसके जवाब में लाहौर रीजन ब्लूज की पूरी टीम 14.2 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 100 रनों के स्कोर पर ऑल आउट हुई। इस तरह सियालकोट ने 110 रनों से ये मुकाबला जीता।