सिर्फ 15 साल की उम्र में टीम इंडिया की सीनियर टीम में जगह बनाने वाले वैभव सूर्यवंशी का एक भावुक वीडियो सामने आया है। आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले जब उन्हें पहली बार भारतीय टीम की जर्सी मिली तो वह अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके।
भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी का सपना आखिरकार सच हो गया है। महज 15 साल की उम्र में सीनियर भारतीय टीम में जगह बनाने वाले इस युवा बल्लेबाज को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया में चुना गया है।
बीसीसीआई ने मंगलवार (23 जून) को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वैभव सूर्यवंशी को पहली बार टीम इंडिया की जर्सी मिलती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो में टीम इंडिया के थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रघु उनके कमरे में किट बॉक्स लेकर पहुंचते हैं। वैभव सबसे पहले सम्मान दिखाते हुए रघु के पैर छूते हैं और फिर किट बॉक्स खोलते हैं।
जैसे ही वैभव ने अपनी नाम वाली नीली जर्सी को हाथ में लिया, वह कुछ पल के लिए बिल्कुल शांत हो गए। वैभव ने वीडियो में कहा, "इसे शब्दों में बयां करना बहुत मुश्किल है। मैंने पहली बार बल्ला इसलिए उठाया था ताकि एक दिन भारत के लिए खेल सकूं और टीम इंडिया की जर्सी पहन सकूं। आज वह सपना पूरा हो गया है। यह सब किसी सपने जैसा लग रहा है।"
गौरतलब है कि वैभव हाल ही में श्रीलंका में खेली गई ट्राई नेशन ए सीरीज के फाइनल में अपने तूफानी प्रदर्शन से सुर्खियों में आए थे। श्रीलंका ए के खिलाफ फाइनल मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली थी, जिसमें 10 चौके और 8 छक्के शामिल थे।
इस साल वैभव का बल्ला लगातार आग उगल रहा है। अंडर-19 विश्व कप में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रन की यादगार पारी खेलने के बाद उन्होंने आईपीएल 2026 में भी शानदार प्रदर्शन किया और राजस्थान रॉयल्स के लिए 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब फैंस की नजरें शुक्रवार (26 जून) से शुरु हो रहे आयरलैंड दौरे पर टिकी हैं, जहां वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया के लिए अपना इंटरनेशनल डेब्यू करते हुए नजर आ सकते हैं।