आईपीएल 2026 से पहले सभी टीमों ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है और इसी कड़ी में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी भी अभ्यास कर रहे हैं। राजस्थान के खेमे से रोजाना कई मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर देखने को मिल रहे हैं। हाल ही में राजस्थान रॉयल्स के नेट सेशन में भी एक मजेदार बैंटर देखने को मिली जब स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आमने-सामने थे।
इस नेट सेशन में युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने जडेजा के खिलाफ नेट्स में जमकर चौके-छक्के लगाए और इस दौरान जडेजा का रिएक्शन भी देखने लायक था। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में, सूर्यवंशी ज़बरदस्त फॉर्म में दिखे। उन्होंने नेट्स में जडेजा की गेंदों पर आत्मविश्वास से शॉट लगाए और गेंद को मैदान के अलग-अलग हिस्सों में भेजा। जैसे-जैसे ये युवा खिलाड़ी बाउंड्री लगाता गया, कैमरामैन ने जडेजा के रिएक्शन्स को भी कैद कर लिया। इस वीडियो को आप नीचे देख सकते हैं।
वहीं, बुधवार को राजस्थान रॉयल्स ने आगामी सीजन के लिए अपनी नई जर्सी भी लॉन्च की। इस मौके पर नए कप्तान रियान पराग, युवा बैटिंग सेंसेशन वैभव सूर्यवंशी और लेग-स्पिनर रवि बिश्नोई मौजूद थे। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स 30 मार्च को गुवाहाटी के एसीए स्टेडियम में पांच बार के विजेता चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
राजस्थान रॉयल्स अपने शुरुआती तीन घरेलू मैच गुवाहाटी में खेलेगी, जो उनका वैकल्पिक घरेलू मैदान है। जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में उनके मुख्य घरेलू मैदान पर होने वाले मुकाबलों की तारीखें तब तय होंगी, जब बीसीसीआई टूर्नामेंट के शेष मुकाबलों का शेड्यूल जारी करेगा। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ ये मैच बेहद रोमांचक होगा, क्योंकि रवींद्र जडेजा और सैम करन अपनी पुरानी टीम के विरुद्ध राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स सीजन के अपने पहले 'अवे' मैच के लिए अहमदाबाद पहुंचेगी, जहां 4 अप्रैल को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उनका मुकाबल गुजरात टाइटंस से होगा।