अमेरिकी यूट्यूबर आईशोस्पीड (IShowSpeed) एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज़ की वजह से चर्चा में हैं। इस बार उनका क्रिकेट खेलते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्होंने गेंदबाजी भी की और फिर विराट कोहली से खास अपील कर दी। इतना ही नहीं, उन्होंने मुंबई इंडियंस से भी कॉन्ट्रैक्ट की मांग कर दी।
अमेरिकी यूट्यूबर और सोशल मीडिया स्टार IShowSpeed एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, एंटीगुआ के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वो वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ के साथ क्रिकेट खेलते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में आईशोस्पीड नॉन-स्ट्राइकर एंड पर खड़े होकर जोसेफ की गेंदबाजी को देखते हैं। इसके बाद उन्होंने खुद गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन उनकी गेंदबाजी स्टाइल थोड़ी अलग नजर आई, जो एक तरह से थ्रो जैसी लग रही थी। हालांकि, उन्होंने सीधे स्टंप्स पर हिट कर दिया, जिसने वहां मौजूद लोगों को हैरान कर दिया।
लेकिन असली मज़ा इसके बाद आया, जब आईशोस्पीड ने कैमरे के सामने जोर से कहा, “मैं शायद सबसे बेस्ट हूं… विराट कोहली, मुझे कॉल करो… ICC मुझे कॉल करे, मुंबई की टीम मुझे कॉल करे।” उनका यह बयान सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया और फैंस को खूब पसंद आ रहा है।
IShowSpeed का असली नाम डैरेन जेसन वॉटकिंस जूनियर है। 21 साल के इस यूट्यूबर के करीब 55 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं और वो अपनी एनर्जेटिक स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। शुरुआत में गेमिंग से मशहूर हुए स्पीड अब रियल लाइफ और स्पोर्ट्स कंटेंट में भी छा रहे हैं। वो फुटबॉल स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो के बड़े फैन रहे हैं, लेकिन अब उनकी दिलचस्पी क्रिकेट में भी बढ़ती दिख रही है। खासकर विराट कोहली के लिए उनका प्यार कई बार सामने आ चुका है।