भारतीय क्रिकेट में सितंबर 2026 के आसपास बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक पूर्व दिग्गज भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण (VVS Laxman) को भारतीय क्रिकेट में एक बड़ी जिम्मेदारी देने पर विचार चल रहा है।
वरिष्ठ पत्रकार और टीवी एंकर राजदीप सरदेसाई ने इंडिया टुडे के पॉडकास्ट में बात करते हुए इस बात का खुलासा किया है कि सितंबर 2026 के आसपास पूर्व भारतीय बल्लेबाज और राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के मौजूदा हेड वीवीएस लक्ष्मण को भारतीय क्रिकेट सेटअप में कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि, सरदेसाई ने लक्ष्मण को मिलने वाली इस संभावित जिम्मेदारी के बारे में कोई पक्की जानकारी नहीं दी। लेकिन उनकी इस चर्चा में दो बड़ी संभावनाएं सामने आई हैं।
दरअसल, मौजूदा मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर का कार्यकाल सितंबर 2026 में खत्म होने वाला है। ऐसे में अगरकर के बाद वीवीएस लक्ष्मण को चयन समिति के चेयरमैन की जिम्मेदारी देने की संभावना पर चर्चा हो रही है। हालांकि, इस बारे में अभी BCCI की तरफ से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
दूसरी संभावना भारतीय टीम की कोचिंग से जुड़ी बताई जा रही है। लक्ष्मण को व्हाइट-बॉल क्रिकेट में टीम इंडिया के हेड कोच की जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा भी है। उनके पास भारतीय क्रिकेट सिस्टम और युवा खिलाड़ियों के साथ काम करने का लंबा अनुभव है। वीवीएस लक्ष्मण इससे पहले भारतीय टीम के अंतरिम मुख्य कोच की भूमिका भी निभा चुके हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि, फिल्हाल यह साफ नहीं है कि वाकई वीवीएस लक्ष्मण को भारतीय टीम में कोई बड़ी जिम्मदेरी मिलने वाली है। अगर मिलने वाली है तो चयन समिति की कमान सौंपी जाएगी या फिर टीम इंडिया की कोचिंग में कोई बड़ी भूमिका मिलेगी। फिलहाल उनकी नई जिम्मेदारी को लेकर सिर्फ चर्चाएं सामने आई हैं और इस खबर की कोई अधिकारिक पुष्टी नहीं है।