Ashutosh Sharma Six Vs Anshul Kamboj Video: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) के 48वें मुकाबले में बीते मंगलवार, 05 मई को चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) ने 17.3 ओवर में 156 रनों का लक्ष्य हासिल करके दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को 8 विकेट से मात दी। गौरतलब है कि भले ही ये मुकाबला DC की टीम हार गई हो, लेकिन इस मुकाबले के बीच उनके बल्लेबाज़ आशुतोष शर्मा ने CSK के बॉलर अंशुल कंबोज (Anshul Kamboj) को एक ऐसा बवाल छक्का मारा जिसने सभी फैंस का दिल जीत लिया है।
27 साल के आशुतोष का ये सिक्स दिल्ली कैपिटल्स की इनिंग के 20वें ओवर में देखने को मिला। यहां CSK के लिए ये ओवर तेज गेंदबाज़ अंशुल कंबोज डालने आए थे जिन्होंने अपना पहला ही गेंद स्टंप्स को टारगेट करके यॉर्कर डाला। खास बात तो ये है कि आशुतोष ऐसी ही किसी गेंद को इंतज़ार कर रहे थे और उन्होंने गेंदबाज़ को अपने स्टंप्स दिखाकर एक हाथ से स्वीप करके छक्का जड़ दिया।
IPL ने खुद अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से इस घटना का वीडियो साझा किया है जिसे आप नीचे देख सकते हो। बताते चलें कि आशुतोष यहां पर ही नहीं रुके और उन्होंने अंशुल कंबोज के ओवर की चौथी गेंद पर भी एक गज़ब का छक्का लगाया। इसके बाद वो पांचवीं गेंद पर रन आउट हो गए। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स के लिए 5 गेंदों पर 280 की स्ट्राइक रेट से 14 रनों की पारी खेली।
बात करें अगर इस मुकाबले की तो दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में मेजबान टीम ने ही टॉस जीता और फिर पहले बैटिंग करके अपनी इनिंग के 20 ओवर में 155 रन बनाए। इसके जवाब में चेन्नई के लिए संजू सैमसन ने 52 गेंदों पर नाबाद 87 रन ठोके, वहीं कार्तिक शर्मा ने 31 गेंदों पर नाबाद 41 रन ठोके। इन्हीं पारियों के दम पर मेहमान टीम ने बेहद ही आसानी से 17.3 ओवर में 156 रनों का लक्ष्य हासिल किया और 8 विकेट से जीत दर्ज की।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के बाद अब चेन्नई सुपर किंग्स पॉइंट्स टेबल पर छठे पायदान (10 मैचों में 5 जीत और 10 अंक) पर है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स (10 मैचों में 4 जीत और 8 अंक) सातवें पायदान पर खिसक गई है। पॉइंट्स टेबल की चार टॉप टीमें, पंजाब किंग्स (09 मैचों में 6 जीत), रॉयल चैलैंजर्स बेंगलुरु (09 मैचों में 6 जीत), सनराइजर्स हैदराबाद (10 मैचों में 6 जीत) और राजस्थान रॉयल्स (10 मैचों में 6 जीत) हैं। वहीं टेबल के आखिरी में मुंबई इंडियंस (10 मैचों में 3 जीत) और लखनऊ सुपर जायंट्स (9 मैचों में 2 जीत) जैसे टीमें मौजूद हैं।