Hardik Pandya Recreate His Iconic Pose Video: सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की कैप्टेंसी वाली भारतीय क्रिकेट टीम ने बीते रविवार, 08 मार्च को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) के फाइनल में न्यूजीलैंड (IND vs NZ Final) को 96 रनों से रौंदकर चैंपियन का टाइटल डिफेंड किया। गौरतलब है कि ये मुकाबला जीतने के लिए भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) काफी खुश नज़र आए और उन्होंने अपना आइकॉनिक सेलिब्रेशन तक रीक्रिएट कर दिया।
जी हां, ऐसा ही हुआ। दरअसल, ये पूरी घटना भारत-न्यूजीलैंड के फाइनल के बाद घटी। हार्दिक पांड्या ने भारतीय ध्वज को ओढ़ रखा था और उनके हाथों में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ट्रॉफी थी। यहां वो ट्रॉफी लेकर पिच की तरफ गए और फिर उन्होंने अपना आइकॉनिक सेलिब्रेशन रीक्रिएट किया। जान लें कि इससे पहले हार्दिक ने ये सेलिब्रेशन साल 2024 में टी20 वर्ल्ड कप और साल 2025 में चैंपियन ट्रॉफी जीतने के बाद किया था।
बात करें अगर IND vs NZ फाइनल में हार्दिक के प्रदर्शन की तो उन्होंने 4 ओवर में 36 रन देकर न्यूजीलैंड का एक विकेट चटकाया और भारत के लिए नंबर-4 पर बैटिंग करके 13 गेंदों पर 18 रन जोड़े। इसके अलावा उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 9 मैचों में 160.74 की स्ट्राइक रेट से 217 रन बनाए और 9 विकेट हासिल किए।
ऐसा रहा मैच का हाल: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था जहां न्यूजीलैंड के कैप्टन मिचेल सेंटनर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी करने का फैसला किया। इसके बाद भारत ने संजू सैमसन (46 बॉल में 89 रन), अभिषेक शर्मा (21 बॉल में 52 रन), और ईशान किशन (25 बॉल में 54 रन) की पारियों के दम पर 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में न्यूजीलैंड के लिए टिम सेफर्ट ने 26 गेंदों पर 52 रनों की पारी खेली, वहीं मिचेल सेंटनर ने 35 गेंदों पर 43 रन ठोके। हालांकि उनके अलावा कोई भी दूसरा खिलाड़ी ज्यादा देर मैदान पर नहीं टिका जिस वज़ह से कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। इस तरह भारत ने 96 रनों से जीत दर्ज की और चैंपियन का टाइटल फिर से अपने नाम किया।