Mohammad Abbas Poor Fielding Video: पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने हमेशा से ही अपनी कमजोर फील्डिंग के कारण आलोचनाओं का सामना किया है और एक बार फिर ऐसा ही देखने को मिल रहा है। इस बार पाकिस्तानी तेज गेंदबाज़ मोहम्मद अब्बास (Mohammad Abbas) अपनी खराब फील्डिंग के कारण चर्चाओं में आए हैं जिन्होंने हेडिंग्ले टेस्ट (ENG vs PAK 1st Test) के पहले दिन जो रूट को एक चौका गिफ्ट कर दिया।
दरअसल, ये पूरी घटना इंग्लैंड की पहली पारी के 18वें ओवर में घटी। पाकिस्तान के लिए तेज गेंदबाज़ खुर्रम शहजाद गेंदबाज़ी कर रहे थे जिनकी तीसरी गेंद (फुलर लेंथ) पर जो रूट ने लॉन्ग लेग पर तैनात फील्डर के बाईं ओर फ्लिक कर दिया। इसी पॉजिशन पर मोहम्मद अब्बास तैनात, जो कि चाहते तो आसानी से गेंद बाउंड्री के बाहर जाने से रोक सकते थे। हालांकि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वो धीमे-धीमे दौड़ते हुए गेंद को देखते रहते हैं और उसे रोकने के लिए डाइव लगाने की भी कोशिश नहीं करते। ऐसे ही वो गेंद उनके सामने से चौके के लिए बाउंड्री को छू लेती है। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि मोहम्मद अब्बास ने अपनी फील्डिंग से भले ही निराश किया हो, लेकिन उन्होंने पहले दिन के खेल में पाकिस्तान को एक महत्वपूर्ण सफलता जरूर दिलाई। उन्होंने 10 ओवर में 34 रन देकर 1 विकेट झटका और बेन डकेट को LBW करके पवेलियन भेजा। पाकिस्तानी फैंस दूसरे दिन के खेल में उनसे और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद करेंगें।
मैच का हाल: हेडिंग्ले के मैदान पर इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया जो कि अपनी पहली पारी में सिर्फ 171 रन बना पाए। पाकिस्तान के लिए सिर्फ अब्दुल्ला शफीक ने ही अर्धशतक लगाया। उन्होंने 104 गेंद खेली और 61 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने 5-5 विकेट झटके।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके बाद इंग्लिश टीम बैटिंग करने मैदान पर आई और उन्होंने पहले दिन के खेल के अंत तक 25 ओवर खेलकर 2 विकेट के नुकसान पर 112 रन जोड़े। यानी अब वो पाकिस्तान के स्कोर से सिर्फ 59 रन पीछे हैं। बताते चलें दूसरे दिन के खेल की शुरुआत में जॉर्डन कॉक्स (38 गेंदों पर नाबाद 23 रन) और जो रूट (53 गेंदों पर नाबाद 37 रन) इंग्लैंड की पारी को आगे बढ़ाएंगे।