Yashasvi Jaiswal Run Out Video: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला (SL vs IND 1st Test) गॉल स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां मुकाबले के पहले दिन शनिवार, 15 अगस्त को भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज़ यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal) बेहद ही अनलकी तरीके से रन आउट हुए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दरअसल, ये घटना भारतीय टीम की पहली पारी के 11वें ओवर में घटी। श्रीलंका के लिए ये ओवर स्पिन गेंदबाज़ केशरा नुवांथा करने आए थे जिनकी आखिरी गेंद पर केएल राहुल ने मिड ऑन की तरफ एक शानदार शॉट खेला। वो ये शॉट खेलकर तुरंत एक रन लेना चाहते थे, लेकिन इसी बीच नॉन-स्ट्राइकर पर गेंदबाज़ केशरा गेंद रोकने की कोशिश में यशस्वी जायसावल से टकराए और उन्हें जमीन पर गिरा दिया।
ध्यान दें कि तब तक केएल राहुल रन लेने के लिए दौड़ चुके थे और आधी पिच तक पहुंच गए थे। जैसे ही राहुल ने जायसवाल को गिरते देखा, उन्होंने रुकने की कोशिश की। हालांकि तभी जायसवाल दोबारा उठे और एक कदम आगे बढ़कर संकेत दिया कि वह रन लेना चाहते हैं। राहुल ने इसे रन लेने की हरी झंडी समझ लिया, लेकिन अचानक जायसवाल पीछे की ओर लौटने लगे और क्रीज में वापस जाने की कोशिश की। नतीजा यह हुआ कि दोनों बल्लेबाज़ एक ही छोर पर पहुंच गए।
इसके बाद होना क्या था, श्रीलंका खिलाड़ी प्रभात जयसूर्या ने मौके का फायदा उठाया और गेंद विकेटकीपर की ओर फेंक दी। विकेटकीपर निरोशन डिकवेला ने भी गेंद पकड़ी, लेकिन तुरंत बेल्स नहीं हटाईं। उन्होंने स्लिप में खड़े कप्तान धनंजय डी सिल्वा की ओर देखा और इशारे से पूछा कि क्या बेल्स गिरानी हैं। गौरतलब है कि डी सिल्वा ने खेल भावना की कोई परवाह नहीं की और इशारा किया कि 'हां' गिरानी है। जिसके बाद डिकवेला ने बेल्स गिरा दीं।
तो ऐसे यशस्वी जासवाल जो कि बेहद ही शानदार लय में थे और 37 गेंदों पर 5 चौके लगाकर 32 रन बना चुके थे, वो अनलकी तरीके से रनआउट हुए और उन्हें वापस पवेलियन लौटना पड़ा। आप इस घटना का वीडियो नीचे देख सकते हो।
मैच का हाल: गॉल स्टेडियम में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी चुनी है और वो खबर लिखे जाने तक 27 ओवर में 1 विकेट खोकर 101 रन बना चुके हैं। मैदान पर केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल को जोड़ी मौजूद है।
ऐसी है दोनों टीमें
भारत (प्लेइंग इलेवन): यशस्वी जयसवाल, केएल राहुल, शुभमन गिल (कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रीलंका (प्लेइंग इलेवन): लाहिरू उदारा, निशान मदुष्का, दिनेश चंडीमल, कामिंडु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशरा नुवांथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरू कुमारा, असिथा फर्नांडो।