WI vs PAK 1st Test: वेस्टइंडीज और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला त्रिनिदाद और टोबैगो के ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है जहां बीते मंगलवार, 28 जुलाई को मुकाबले के चौथे दिन मेजबान टीम ने पाकिस्तान को 90 रनों से रौंदकर जीत हासिल की। इस मुकाबले के हीरो जस्टिन ग्रीव्स (Justin Greaves) रहे जिन्होंने पाकिस्तान के पूरे 7 विकेट चटकाए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने ही टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया था और अपनी पहली पारी में 98.5 ओवर खेलकर 311 रन बनाए थे। उनके लिए शाई होप (182 गेंदों पर 92 रन) और केवम हॉज (183 गेंदों पर 84 रन) ने शानदार पारी खेली थी। इस दौरान पाकिस्तान के लिए मोहम्मद अली ने 21.5 ओवर में 50 रन देकर 4 विकेट झटके। वहीं मोहम्मद अब्बास ने तीन विकेट, खुर्रम शहजाद ने 2 विकेट और आमेर जमाल ने 1 विकेट चटकाया।
इसके जवाब में पाकिस्तान के लिए पहली पारी में शान मसूद ने शतक ठोकते हुए 184 गेंदों पर 109 रन बनाए, वहीं इमाम उल हक ने 102 गेंदों पर 63 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि इसके बावजूद मेहमान टीम 80.1 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 282 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। वेस्टइंडीज के लिए जस्टिन ग्रीव्स ने 11 ओवर में 27 रन देकर 5 विकेट लिए। उनके अलावा केमार रोच और शमर जोसेफ ने 2-2 विकेट और जायडेन सील्स ने 1 विकेट झटका।
दोनों टीमों की पहली पारी के बाद वेस्टइंडीज पर 29 रनों की बढ़त थी और उन्होंने अपनी दूसरी पारी में 181 रन बनाकर पाकिस्तान के सामने 211 रनों का लक्ष्य रखा। मेजबान टीम की दूसरी पारी में कोई भी बल्लेबाज़ अर्धशतक नहीं लगा सका। शमर जोसेफ ने 27 गेंदों पर 38 रन बनाते हुए सबसे बड़ी पारी खेली। बात करें पाकिस्तानी गेंदबाज़ों की तो मोहम्मद अब्बास ने 15.5 ओवर में 22 देकर 5 विकेट झटके। खुर्रम शहजाद और मोहम्मद अली ने 2-2 विकेट और आमेर जमाल ने 1 विकेट अपने नाम किया।
यहां से अब पाकिस्तान के सामने जीत हासिल करने के लिए 211 रनों का लक्ष्य था जिसका पीछा करते हुए पूरी पाकिस्तान टीम 40.2 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 120 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। गौरतलब है कि एक तरफ बाबर आज़म ने 107 गेंदों पर 9 चौके लगाकर नाबाद 58 रन बनाए, वहीं दूसरी तरफ टीम के आठ खिलाड़ी सिंगल डिजिट में स्कोर करके पवेलियन लौटे।
इस दौरान वेस्टइंडीज के लिए जायडेन सील्स ने विकेट का पंजा खोला और 14.2 ओवर में 20 रन देकर 5 विकेट झटके। उनके अलावा जस्टिन ग्रीव्स और केमार रोच ने 2-2 विकेट और शमर जोसेफ ने 1 विकेट हासिल किया।
तो ऐसे वेस्टइंडीज ने त्रिनिदाद टेस्ट 90 रनों से जीता और पाकिस्तान पर दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई। एक बार फिर बता दें कि जस्टिन ग्रीव्स को उनके शानदार प्रदर्शन (5/27, 20 & 2/12) के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया है।